राष्ट्रीय युवा दिवस पर 600 विद्यार्थियों को आत्मनिर्भरता का संदेश
Share
बीसीआई युवा टीम ने स्टार्टअप, उद्यमिता और कौशल विकास के जरिए करियर के नए अवसरों से कराया रूबरू
उदयपुर, 13 अगस्त: राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बीसीआई युवा टीम की ओर से गीतांजलि इंस्टीट्यूट कॉलेज में जागरूकता एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 600 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में युवाओं को स्टार्टअप, उद्यमिता, कौशल विकास, करियर निर्माण और युवा सशक्तिकरण से जुड़े विषयों की जानकारी देते हुए बदलते दौर में रोजगार तलाशने के साथ रोजगार देने वाला बनने के लिए प्रेरित किया गया।
नौकरी तलाशने के बजाय अवसर पैदा करें
बीसीआई युवा अध्यक्ष मीनाक्षी पालीवाल ने स्टार्टअप की संभावनाओं, व्यावसायिक विचारों, बाजार की जरूरतों और नए अवसरों पर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी रुचि और क्षमता को पहचानकर स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ें और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार करें।
आत्मविश्वास और नई सोच पर जोर
उपाध्यक्ष रोहित पालीवाल ने विद्यार्थियों को नई सोच विकसित करने, आत्मविश्वास बनाए रखने और लक्ष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सही दिशा, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास से युवा अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
कार्यक्रम में बीसीआई युवा सदस्य हिम्मत प्रजापत, संतोष मेघवाल, जनमेजय मेहता, रोचक भावसोर और अंकुश रांका ने भी विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने करियर, व्यवसाय, कौशल और व्यक्तिगत विकास से जुड़े व्यावहारिक सुझाव दिए। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को कौशल और उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

