अलसीगढ़ में बारिश ने बदली जलाशयों की तस्वीर, देवास प्रथम में सात घंटे में 7 फीट पानी बढ़ा
Share
मेवाड़ में मानसून सक्रिय: सेमारी में 185 मिमी बारिश, सलूंबर में 143 मिमी; पिछोला-फतहसागर को अभी कैचमेंट की तेज बारिश का इंतजार
उदयपुर, 13 अगस्त: मेवाड़ में सक्रिय मानसून के बीच पिछले 24 घंटों में हुई भारी बारिश का असर जलाशयों पर दिखाई देने लगा है। अलसीगढ़ की पहाड़ियों में तेज बारिश से देवास प्रथम बांध का जलस्तर 10 से बढ़कर 17 फीट पहुंच गया। बांध की पूर्ण भराव क्षमता 34 फीट है। अचानक हुई इस आवक से क्षेत्र के जलस्रोतों में भी उम्मीद जगी है।
मादड़ी बांध का जलस्तर सवा 9 फीट से बढ़कर 11 फीट हो गया। कोटड़ा के साबरमती बांध में जलस्तर 9.80 मीटर से बढ़कर 12.20 मीटर पहुंच गया। आकोदड़ा बांध में हालांकि अभी मामूली आवक है और जलस्तर एक मीटर से कम है।
सेमारी में सर्वाधिक 185 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे में सेमारी में 185, सलूंबर में 143, लसाड़िया में 133, झाड़ोल में 129 और वल्लभनगर में 119 मिमी बारिश दर्ज हुई। उदयपुर शहर में 33 मिमी बारिश हुई।
बड़ी झीलों को अभी और पानी का इंतजार
पिछोला और फतहसागर के कैचमेंट में अभी तेज बारिश की जरूरत है। सीसारमा नदी में करीब 10 इंच का मामूली बहाव है, इसलिए पिछोला में फिलहाल बड़ी आवक नहीं हुई। कैचमेंट में तेज बारिश होने पर आने वाले दिनों में झीलों में पानी की आवक बढ़ सकती है।

