भोपालपुरा में शहरी क्षेत्र का ब्लॉक स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह
Share
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आशा सहयोगिनी सहित तीन स्वास्थ्यकर्मी सम्मानित
उदयपुर, 16 अगस्त: शहरी क्षेत्र का ब्लॉक स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, भोपालपुरा में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में शहर प्रभारी डॉ. कैलाश शर्मा एवं चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. अंकुर शर्मा ने तिरंगा ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों ने राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस की गरिमा को नमन किया।
इस अवसर पर शहरी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं सेवाओं के लिए आशा सहयोगिनी शहजादी बेगम, पीएचएम मंजू रेगर तथा एलएचवी निर्मला रावत को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में मैदानी स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनके समर्पण को सम्मानित करना सभी के लिए प्रेरणादायी है।
समारोह में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोपालपुरा के विभिन्न सेक्टरों एवं आउटडोर का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी ने राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। समारोह का समापन राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना के संदेश के साथ हुआ

