वंदेमातरम् विवाद पर अमित शाह बोले, कांग्रेस ने राष्ट्रगीत का किया अपमान
Share
सोनिया गांधी से माफी मांगनी चाहिए, कांग्रेस ने आरोपों को बताया निराधार
उदयपुर/निम्बाहेड़ा, 16 अगस्त: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस पर राष्ट्रगीत ‘वंदेमातरम्’ के अपमान का आरोप लगाते हुए पार्टी से देश की जनता और गीत के रचयिता बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय से माफी मांगने की मांग की। निंबाहेड़ा स्थित राजकीय अंबेडकर कॉलेज में आयोजित ‘अटल गौरव स्मृति समारोह’ में जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदेमातरम्’ के गायन के दौरान सोनिया गांधी ने इसे बीच में रुकवाने के लिए कहा।
शाह ने कहा कि आजादी के 80 वर्ष बाद लाल किले सहित देशभर में ध्वजारोहण समारोहों में ‘वंदेमातरम्’ गूंजा, लेकिन कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत के प्रति कथित तौर पर ऐसा व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हजारों लोगों ने ‘वंदेमातरम्’ गाने के लिए गोलियां और लाठियां खाईं तथा जेल गए।
गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के चलते ‘वंदेमातरम्’ को भुला दिया है। उन्होंने सोनिया गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि यदि शर्म बाकी है तो बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की अमर आत्मा और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
हालांकि कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सोनिया गांधी ने राष्ट्रगीत को रोकने के लिए नहीं, बल्कि उस समय खड़े कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी की व्यवस्था करने को कहा था। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रगीत के पूर्ण गायन को रोकने का कोई प्रयास नहीं हुआ।
अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को किया याद
‘अटल गौरव स्मृति समारोह’ में शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि वाजपेयी सरकार ने पोखरण परमाणु परीक्षणों के बाद अंतरराष्ट्रीय दबाव के बावजूद भारत को परमाणु शक्ति बनाने का साहसिक निर्णय लिया। उन्होंने गांवों को सड़कों से जोड़ने, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और जनजातीय विकास के लिए अलग मंत्रालय गठित करने को भी वाजपेयी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया।
जनजातीय कल्याण को मोदी सरकार की प्राथमिकता बताया
शाह ने कहा कि जनजातीय कल्याण को प्राथमिकता देने का परिणाम यह है कि आदिवासी समाज से आने वाली द्रौपदी मुर्मू देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय विकास को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अमित शाह के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित हो रही हैं और राजस्थान को भी इसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने शाह के नेतृत्व में वामपंथी उग्रवाद पर प्रभावी कार्रवाई और नए आपराधिक कानून लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया।

