LOADING

Type to search

पिस्टलनुमा लाइटर से फायरिंग का वीडियो डालने वाला युवक गिरफ्तार

crime

पिस्टलनुमा लाइटर से फायरिंग का वीडियो डालने वाला युवक गिरफ्तार

Share

सोशल मीडिया अकाउंट ट्रेस कर पुलिस ने दबोचा, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के मामले भी दर्ज
चित्तौड़गढ़, 20 अगस्त:
सोशल मीडिया पर पिस्टलनुमा लाइटर से फायरिंग का वीडियो पोस्ट कर रौब झाड़ना एक युवक को भारी पड़ गया। जिला विशेष टीम (डीएसटी) और शंभूपुरा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट की तकनीकी जांच के बाद आरोपी मनोहर पुत्र भंवरलाल भील निवासी रघुनाथपुर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार वीडियो में दिखाई दे रही वस्तु असली पिस्टल नहीं, बल्कि पिस्टल जैसी दिखने वाली लाइटर थी। हालांकि, उसे हथियार की तरह प्रदर्शित कर वीडियो बनाया गया था, जिससे लोगों में भय या दहशत का माहौल पैदा हो सकता था। पुलिस ने आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो हटवाया और भविष्य में इस तरह की पोस्ट नहीं करने की चेतावनी दी।
सोशल मीडिया अकाउंट की निगरानी से मिला सुराग
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सोशल मीडिया पर आपराधिक गतिविधियों, हथियारों के प्रदर्शन और भय पैदा करने वाली पोस्ट के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा और भदेसर डीएसपी विनोद कुमार लेखरा के सुपरविजन में शंभूपुरा थानाधिकारी धर्मराज मीना के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसी दौरान डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को सूचना मिली कि मनोहर भील सोशल मीडिया अकाउंट पर पिस्टलनुमा वस्तु के साथ वीडियो डालकर लोगों पर रौब दिखा रहा है।
तकनीकी विश्लेषण और सोशल मीडिया निगरानी के आधार पर अकाउंट की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि वीडियो में दिख रही वस्तु पिस्टल नहीं बल्कि लाइटर थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट से संबंधित वीडियो हटवाने के साथ आरोपी को भविष्य में इस तरह की गतिविधि से दूर रहने की हिदायत दी।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, धमकी भरे वीडियो अथवा लोगों में भय पैदा करने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में डीएसटी से एएसआई सूरज कुमार, राजकुमार, कांस्टेबल राम अवतार, अरविंद कुमार, कृष्णकांत, अशोक कुमार, जगदीश, देवेंद्र, सुरेश सुंडा, रामकेश और वीरेंद्र तथा शंभूपुरा थाना पुलिस से थानाधिकारी धर्मराज मीना, एएसआई कुंदन सिंह और कांस्टेबल रामकिशन शामिल रहे।

इधर, बांसवाड़ा में इंस्टाग्राम पर पिस्टलनुमा लाइटर की रील डालना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार

पुलिस को देखकर साथी के साथ भागा, गिरने से हाथ-पैर में चोट; दो बाइक जब्त
बांसवाड़ा, 20 अगस्त:
इंस्टाग्राम पर पिस्टलनुमा लाइटर के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया। सदर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया सेल से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी विनोद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दो बाइक भी जब्त की हैं।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया सेल को सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र में एक युवक हथियारनुमा वस्तु के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने नयागांव तालाब के पास दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी अपने साथी के साथ भागने लगा। इसी दौरान विनोद गिर गया, जिससे उसके दाहिने हाथ और पैर में चोट लग गई। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
डुप्लीकेट पिस्टलनुमा लाइटर से बनाई रील
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी सोशल मीडिया आईडी से डुप्लीकेट पिस्टलनुमा लाइटर के साथ वीडियो बनाकर पोस्ट किया था। पुलिस के अनुसार वीडियो में हथियारनुमा वस्तु का प्रदर्शन कर डॉनगिरी दिखाने और आम लोगों में भय एवं दहशत का माहौल पैदा करने का प्रयास किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मौके से दो बाइक भी जब्त की गई हैं।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह के निर्देशन तथा सीओ रामकुमार के पर्यवेक्षण में की गई। टीम में सदर थाना प्रभारी रूपसिंह, एएसआई केशचंद्र, हेड कांस्टेबल गजेंद्र सिंह, सोशल मीडिया सेल के कांस्टेबल भीष्मप्रताप सिंह, मनदीप, भूरलाल और लोकेन्द्र सिंह शामिल रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *