‘हर व्यक्ति के भीतर एक माउंटेन होता है, उसे जीत लिया तो दुनिया जीत लेंगे’
Share
विश्व की पांच ऊंची पर्वत चोटियों पर तिरंगा फहराने वाली उदयपुर की बेटी मनस्वी अग्रवाल का अभिनंदन; सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने कहा- नई पीढ़ी से भी सीखने की जरूरत
उदयपुर, 25 अगस्त: विश्व की पांच ऊंची पर्वत चोटियों पर तिरंगा फहराकर देश और उदयपुर का गौरव बढ़ाने वाली मनस्वी अग्रवाल का मंगलवार को सुकृत न्यास की ओर से अभिनंदन किया गया। होटल योइस में आयोजित समारोह में मनस्वी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “एक माउंटेन हर व्यक्ति के भीतर होता है। यदि उसे जीत लिया तो दुनिया की कोई भी चुनौती जीती जा सकती है।” उन्होंने कहा कि पढ़ाई और खेल में संतुलन जरूरी है तथा मुश्किल परिस्थितियों में भी हौसला नहीं खोना चाहिए।
माता-पिता ने बेटियों को बेटों से कम नहीं समझा
मनस्वी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को देते हुए कहा कि उन्होंने कभी उसे भाइयों से कमतर नहीं समझा। उन्होंने उपलब्धि के सफर में सहयोग करने वाली भारत सहित विभिन्न देशों की एम्बेसी के प्रति भी आभार जताया। पिता टीआर अग्रवाल ने कहा कि जेन-जी ऊर्जा से भरपूर पीढ़ी है और सही दिशा मिलने पर यह पीढ़ी नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती है। मां सरोज ने बच्चों को स्वतंत्रता देने के साथ भारतीय संस्कारों से जोड़ने को अभिभावकों का दायित्व बताया।
सांसद रावत बोले- नई पीढ़ी से सीखें
सांसद एवं भाजपा जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मन्नालाल रावत ने मनस्वी को बधाई देते हुए कहा कि उदयपुर की बेटी ने राजस्थान की बेटियों का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के अनुरूप कर्तव्यों को परिभाषित करने की जरूरत है। नई पीढ़ी तकनीक में आगे है, इसलिए पुरानी पीढ़ी को भी उससे सीखना चाहिए। उन्होंने शहर और देश के विकास के लिए नियमित विचार-मंथन की आवश्यकता बताई।
गणमान्यजनों ने किया सम्मान
समारोह में सुकृत न्यास के अध्यक्ष मनोज जोशी, सीमा पारीख, उपासना दशोत्तर, अनिता जोशी, डॉ. रजनी पी. रावत सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने मनस्वी और उनके माता-पिता का अभिनंदन किया। डॉ. रावत का भी भाजपा जनजाति मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन कौशल मूंदड़ा ने किया और आभार डॉ. विवेक भटनागर ने व्यक्त किया।

