महिलाओं के हुनर को मिलेगा बाजार, 25 सितंबर से स्वयंसिद्दा-अहिल्या उद्यम एक्सपो
Share
शुभ केसर गार्डन में तीन दिवसीय आयोजन; सभी 105 स्टॉल महिलाओं के लिए, हस्तशिल्प से स्टार्टअप तक उत्पादों को मिलेगा मंच
उदयपुर, 25 अगस्त: महिला उद्यमियों, हस्तशिल्पियों और स्टार्टअप्स को बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से लघु उद्योग भारती, उदयपुर की अहिल्याबाई होल्कर इकाई की ओर से स्वयंसिद्दा-अहिल्या उद्यम एक्सपो-1.0 का आयोजन किया जाएगा। 25 से 27 सितंबर तक शुभ केसर गार्डन में होने वाले एक्सपो की खासियत यह होगी कि यहां सभी स्टॉल महिलाओं के लिए होंगे। आयोजन में करीब 105 स्टॉल लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
जनजातीय महिलाओं के लिए निशुल्क स्टॉल
स्वयंसिद्दा चित्तौड़ प्रांत की प्रभारी डॉ. रीना राठौड़ ने बताया कि एक्सपो में स्टॉल की दरें रियायती रखी गई हैं, ताकि मध्यम वर्ग की महिला उद्यमी भी भाग ले सकें। जनजातीय महिलाओं के लिए कुछ स्टॉल निशुल्क रखे जाएंगे। एक जैसे उत्पादों के अधिकतम 10 स्टॉल रखकर विभिन्न श्रेणियों के उत्पादों को अवसर दिया जाएगा।
हस्तशिल्प से स्टार्टअप तक उत्पादों की प्रदर्शनी
अहिल्याबाई होल्कर इकाई की अध्यक्ष डॉ. ऋषिका पानेरी ने बताया कि एक्सपो में हस्तशिल्प, हथकरघा, पारंपरिक वस्त्र, आधुनिक तकनीक, स्टार्टअप, नवाचार और महिला उद्यमियों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। लाइव डेमो और नेटवर्किंग की सुविधा भी होगी। उन्होंने कहा कि कई महिलाओं के पास हुनर और उत्पाद हैं, लेकिन बाजार तक पहुंच नहीं है। एक्सपो इस दूरी को पाटने का प्रयास है। लघु उद्योग भारती रानी लक्ष्मीबाई इकाई की अध्यक्ष सीमा पारीक ने बताया कि उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है। आयोजन को सफल बनाने के लिए छह माह से अधिक समय से तैयारियां चल रही हैं।

