LOADING

Type to search

विधायक ताराचंद जैन ने खांजीपीर-आयड़ को बताया ‘मिनी पाकिस्तान’

political

विधायक ताराचंद जैन ने खांजीपीर-आयड़ को बताया ‘मिनी पाकिस्तान’

Share

बीजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले—पहले अपराधियों की शरणस्थली थे इलाके, अब हालात में सुधार; कांग्रेस को नगर निगम चुनाव में दहाई का आंकड़ा पार करने की चुनौती
उदयपुर, 25 अगस्त:
उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने शहर के खांजीपीर और आयड़ इलाके को लेकर विवादित बयान दिया है। ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने खांजीपीर को ‘मिनी पाकिस्तान’ बताते हुए कहा कि एक समय यहां अपराधियों की शरणस्थली जैसी स्थिति बन गई थी। विधायक ने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में खांजीपीर पुलिस चौकी क्षेत्र के अपराधों का आंकड़ा करीब 25 प्रतिशत रहा है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि 25 प्रतिशत का आंकड़ा किस आधार पर है।
खांजीपीर में डीवाईएसपी कार्यालय शुरू होने का जिक्र
सेक्टर-14 स्थित आशीष वाटिका में आयोजित सम्मेलन में विधायक ने कहा कि उदयपुर शहर में प्रवेश के दो प्रमुख रास्ते हैं, जिनमें एक खांजीपीर होकर जाता है। उनके अनुसार पहले इस क्षेत्र में अपराधियों का प्रभाव था, लेकिन अब स्थिति में बदलाव आया है। उन्होंने खांजीपीर में डीवाईएसपी कार्यालय शुरू होने को भी सुधार की दिशा में कदम बताया। आयड़ क्षेत्र का जिक्र करते हुए भी उन्होंने कहा कि वहां पहले ऐसे ही हालात थे, लेकिन अब स्थिति सुधर रही है।
कटारिया की तारीफ का भी किया उल्लेख
विधायक ने पंजाब के राज्यपाल एवं पूर्व राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष गुलाबचंद कटारिया से हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने मुखर्जी चौक में हुए विकास कार्यों की सराहना की है। कटारिया ने कहा कि जिस काम की कल्पना नहीं की थी, उसे पूरा करके दिखाया गया।
कांग्रेस को दहाई का आंकड़ा पार करने की चुनौती
नगर निगम चुनाव को लेकर जैन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा प्रमुख वार्डों में मजबूती से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कांग्रेस को दहाई का आंकड़ा पार करने की चुनौती दी। टिकट चयन पर कहा कि कार्यकर्ताओं की राय और सभी समाजों के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखा जा रहा है तथा किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *