युवक की मौत पर एमबी हॉस्पिटल में 3 घंटे प्रदर्शन, 30 लाख मुआवजे पर बनी सहमति
Share
बस हादसे में हुई थी मौत, परिजनों के विरोध के बाद कंपनी ने मुआवजा देने पर जताई सहमति; पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपा
उदयपुर, 27 अगस्त: खेरोदा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर हुए बस हादसे में युवक की मौत के बाद गुरुवार को एमबी हॉस्पिटल मॉर्च्युरी में परिजनों और समाज के लोगों ने करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। परिजन मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे रहे। पुलिस की मौजूदगी में बडाला हुंडई कंपनी के प्रतिनिधियों और परिजनों के बीच बातचीत हुई, लेकिन शुरुआती दौर में सहमति नहीं बनी। करीब तीन घंटे बाद कंपनी की ओर से मृतक के परिजनों को 30 लाख रुपए मुआवजा देने पर सहमति जताई गई। इसके बाद धरना समाप्त हुआ।
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
समझौते के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हुए। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक भगवानलाल डांगी, शोभागपुरा निवासी, पिछले कई वर्षों से बडाला हुंडई में ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। बुधवार को एक कार छोड़ने के बाद वह बस से उदयपुर लौट रहा था, तभी मेनार डाक बंगला के पास हादसा हो गया।
ओवरटेक करते समय ट्रेलर से भिड़ी बस
तेज रफ्तार बस ओवरटेक करते समय आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई थी। हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब एक दर्जन यात्री घायल हुए थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस की छत और कंडक्टर साइड का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।

