भाजपा का नगरीय विकास संकल्प पत्र जारी, स्थानीय घोषणा पत्र का इंतजार
Share
रिंग रोड, पानी, सड़क, ड्रेनेज और स्वच्छता समेत कई मुद्दे संकल्प पत्र में शामिल
उदयपुर, 3 सितंबर: नगर निगम चुनाव से पहले भाजपा ने नगरीय विकास को लेकर अपना संकल्प पत्र जारी कर चुनावी तैयारियों को धार दी है। उदयपुर के 100 फीट रोड स्थित निजी होटल में दोपहर 3 बजे आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र पटेल, जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संकल्प पत्र का विमोचन किया गया। हालांकि उदयपुर नगर निगम के लिए अलग स्थानीय घोषणा पत्र की उम्मीद लेकर पहुंचे कार्यकर्ताओं को फिलहाल निराशा हाथ लगी।
सातवां बोर्ड बनने पर घोषणा
पार्टी ने स्पष्ट किया कि उदयपुर में लगातार सातवां भाजपा बोर्ड बनने के बाद स्थानीय स्तर का अलग घोषणा पत्र जारी किया जाएगा। संभाग प्रभारी राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि नगरीय संकल्प पत्र में घरेलू गैस कनेक्शन, स्ट्रीट वेंडर्स के लिए बीमा और रिंग रोड जैसे महत्वपूर्ण संकल्प शामिल किए गए हैं। इन योजनाओं को आगामी दो राज्य बजट में भी शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा।
90 फीसदी समस्याएं समान
राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र पटेल ने कहा कि राजस्थान के अधिकांश नगर निकायों की करीब 90 प्रतिशत समस्याएं एक जैसी हैं। इनमें पानी, ड्रेनेज, सड़क, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाएं प्रमुख हैं। इसी आधार पर प्रदेश के लिए व्यापक नगरीय विकास संकल्प पत्र तैयार किया गया है। कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

