LOADING

Type to search

उदयपुर में सुबह से दोपहर तक रिमझिम बारिश

Local

उदयपुर में सुबह से दोपहर तक रिमझिम बारिश

Share

तापमान गिरा, मौसम हुआ सुहावना; अगले दो दिन भी बारिश की संभावना
उदयपुर, 15 सितंबर
: उदयपुर में मंगलवार सुबह से रुक-रुककर रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। बीच में कुछ देर हल्की धूप निकली, लेकिन बादल फिर छा गए और बारिश होने लगी। इससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, कई जगह सड़कों पर पानी भर गया। दोपहर तक बारिश का दौर थम गया।
बीते तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट आई है। मंगलवार को उदयपुर का दिन का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो दिनों तक भी बारिश की संभावना जताई है। बारिश के चलते तापमान में और गिरावट आने तथा लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

पंचायती राज संस्थाओं की आरक्षण लॉटरी स्थगित

उदयपुर : नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया के चलते पंचायती राज संस्थाओं के आरक्षण की प्रस्तावित लॉटरी स्थगित कर दी गई है। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के उपायुक्त एवं उप शासन सचिव (प्रथम) जसवन्त सिंह ने इसके आदेश जारी किए हैं। 17 सितंबर को जिला परिषद सदस्य, प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों के आरक्षण के लिए लॉटरी प्रस्तावित थी। वहीं 18 सितंबर को सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए लॉटरी होनी थी। विभाग के अनुसार नगरीय निकायों के अध्यक्ष पद के लिए 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच तथा 18 सितंबर को चुनाव चिन्ह आवंटन निर्धारित है। इसी कारण लॉटरी स्थगित की गई है। निकाय चुनाव पूर्ण होने के बाद आरक्षण लॉटरी की नई तिथियां अलग से जारी की जाएंगी।

विश्वकर्मा दिवस पर 17 को अवकाश की अपील

उदयपुर: संभागीय संयुक्त श्रम आयुक्त कार्यालय ने विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर 17 सितंबर को श्रमिकों के लिए संवैतनिक अवकाश घोषित करने की अपील की है। अतिरिक्त श्रम आयुक्त, राजस्थान, जयपुर के आदेश के क्रम में यह अपील की गई है। संभागीय संयुक्त श्रम आयुक्त संकेत मोदी ने बताया कि विश्वकर्मा दिवस श्रमिक वर्ग द्वारा सद्भावना और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। श्रमिकों को त्योहार मनाने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य के औद्योगिक एवं वाणिज्यिक संस्थानों के नियोजकों तथा लोक क्षेत्र के प्रतिष्ठानों से 17 सितंबर को संवैतनिक अवकाश घोषित कर सहयोग करने की अपेक्षा की गई है।

13वें बर्ड फेस्टिवल की तैयारी बैठक आज

उदयपुर: 13वें बर्ड फेस्टिवल की तैयारियों को लेकर बुधवार 16 सितंबर को समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक अपराह्न 3 बजे चेतक सर्कल स्थित वन भवन सभागार में मुख्य वन संरक्षक की अध्यक्षता में होगी। उप वन संरक्षक वन्यजीव अनुराग कुमार भटनागर ने बताया कि बैठक में बर्ड फेस्टिवल से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों और तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। इसमें वन विभाग के अधिकारियों के साथ पर्यावरण प्रेमी, पक्षी विशेषज्ञ सहित अन्य संबंधित लोग भी भाग लेंगे। बैठक में फेस्टिवल की आगामी गतिविधियों को लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

चाकू से हमला कर वृद्ध की हत्या का प्रयास

उदयपुर: कानोड़ थाना क्षेत्र में एक वृद्ध पर चाकू से हमला कर हत्या के प्रयास का मामला सामने आया है। देवली कानोड़ निवासी पप्पू पुत्र नानूराम मीणा ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि 14 सितंबर रात करीब 1.30 बजे उसके काका हीरा व टीला मीणा ने उसके पिता नानूराम पुत्र लालू मीणा की आवाज सुनी। मौके पर जाकर उन्होंने बताया कि नानूराम को किसी ने चाकू मार दिया है। पप्पू ने घर से थोड़ी दूर पिता को लहूलुहान हालत में देखा। घायल नानूराम को अस्पताल ले जाया गया, जहां से एमबी अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावर की पहचान और हमले के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

एनडीपीएस मामले का इनामी गिरफ्तार

उदयपुर: वल्लभनगर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे 2500 रुपए के इनामी आरोपी प्रहलाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 1 अप्रैल 2026 को खेरोदा थाना पुलिस ने सिराज खान उर्फ कालू खान के कब्जे से 30 ग्राम एमडीएमए बरामद कर मामला दर्ज किया था। जांच वल्लभनगर थाना पुलिस को सौंपी गई थी। जांच के दौरान उमेश को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि प्रहलाद पुत्र गोवर्धनलाल निवासी रोहिखेड़ा, डबोक फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने 2500 रुपए का इनाम घोषित किया था। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत पुलिस टीम ने सूचना व तकनीकी सहयोग से 14 सितंबर को प्रहलाद को गिरफ्तार किया। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

46 किलो डोडा चूरा सहित कार जब्त; एक गिरफ्तार

उदयपुर: जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोगुंदा थाना पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई की। बाण माता कट पर नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध सेंट्रो कार नंबर आरजे 45 सीपी 6855 को रोककर तलाशी ली गई। कार से प्लास्टिक के तीन कट्टों में भरा 46 किलो 550 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त कार जब्त कर आरोपी प्रवीण पुत्र नारायणलाल, उम्र 22 वर्ष, निवासी लालासर, डावड़, थाना चितलवाना, जिला जालौर को गिरफ्तार किया। प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान नाई थाना अधिकारी कर्मवीर सिंह कर रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *