उदयपुर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, 572 ठिकानों पर दबिश
Share
108 टीमों के 610 पुलिसकर्मी अभियान में शामिल, 156 आरोपी गिरफ्तार और 180 पावर बाइक जब्त
उदयपुर, 16 सितंबर: जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए उदयपुर पुलिस ने एक साथ व्यापक रेड और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में 108 पुलिस टीमों के 610 जवानों ने अलसुबह अचानक दबिशें दीं। अभियान के दौरान जिले में 572 ठिकानों की तलाशी लेकर 156 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 180 पावर बाइक जब्त की गईं।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, स्थायी व गिरफ्तारी वारंट, हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर अपराधियों और शरीर संबंधी अपराधों में वांछित आरोपियों पर विशेष फोकस रखा। कार्रवाई में 40 स्थायी और 15 गिरफ्तारी वारंटों का निस्तारण किया गया। हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती जैसे गंभीर अपराधों में वांछित तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत छह नए मामले दर्ज कर छह आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने 2.840 किलो गांजा, 102.10 ग्राम अफीम और 1.75 ग्राम एमडीएमए जब्त किया। आबकारी अधिनियम में चार तथा आर्म्स एक्ट में दो गिरफ्तारियां हुईं। इसके अलावा 81 पूर्व चालानशुदा अपराधियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धाराओं के तहत पाबंद कराया गया। पुलिस ने 82 हिस्ट्रीशीटर और दो हार्डकोर अपराधियों के घर दबिश देकर पूछताछ भी की।

