राजमाता साहिबा विजयराज कुमारी मेवाड़ को श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसमूह
Share
राजमहल में शोकसभा, गणमान्यजनों और आमजन ने पुष्प अर्पित कर व्यक्त की संवेदनाएं




उदयपुर, 16 सितम्बर: राजमाता साहिबा विजयराज कुमारी जी मेवाड़ के देवलोक गमन पर बुधवार को उदयपुर के राजमहल में शोकसभा आयोजित की गई। दोपहर 2 से 3 बजे तक हुई श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में आमजन, गणमान्यजन एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट लोगों ने पहुंचकर राजमाता साहिबा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपस्थित लोगों ने राजमाता साहिबा के चित्र पर पुष्पमालाएं अर्पित कीं और श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से भेंट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। लोगों ने उनके स्नेह, सरलता, गरिमामय व्यक्तित्व और समाज के प्रति आत्मीय जुड़ाव को स्मरण किया।
शोकसभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निंबारामजी, पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक गुलाबचंद कटारिया, ओडिशा के उप मुख्यमंत्री कनकवर्धन सिंह देव, भाजपा सांसद संगीता कुमारी सिंह देव, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, भाजपा प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसोदिया, मार्बल व्यवसायी विमल पटनी सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्यजन और आमजन मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। राजमहल में वातावरण भावुक और शोकपूर्ण रहा। डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के सुपुत्र हरिराज सिंह मेवाड़ ने उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकार कर आभार जताया।

