LOADING

Type to search

जावर माता एग्रो एफपीओ की वार्षिक आम सभा आयोजित

Business

जावर माता एग्रो एफपीओ की वार्षिक आम सभा आयोजित

Share

1865 से अधिक शेयरधारकों के साथ 27.27 लाख रुपए से अधिक का वार्षिक कारोबार

उदयपुर, 19 सितम्बर: हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड एवं बायफ लाइव्लीहुड्स के सहयोग से संचालित समाधान परियोजना के तहत जावर माता एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की वार्षिक आम सभा आयोजित हुई। कार्यक्रम में करीब 300 किसानों ने भाग लिया। एफपीओ ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 27.27 लाख रुपए से अधिक का कारोबार दर्ज किया। संगठन के साथ 1865 से अधिक शेयरधारक जुड़े हैं।

हिन्दुस्तान जिंक के आईबीयू सीईओ, जावर माइंस अंशुल खंडेलवाल ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक एवं कृषि उपकरणों के अधिक उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कृषि कार्यों में तकनीक और आधुनिक उपकरणों के माध्यम से उत्पादकता एवं दक्षता बढ़ाने तथा एफपीओ में किसानों की भागीदारी बढ़ाने की बात कही। साथ ही पेट्रोनस बोनस को अगले वर्ष दोगुना करने की दिशा में कार्य करने का सुझाव दिया।

एचआर हेड सौरव मिश्रा ने संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। नाबार्ड के नीरज यादव ने प्रधानमंत्री एमवायएसवाई योजना की जानकारी देते हुए किसानों को इससे जोड़ने के लिए प्रेरित किया। सीएसआर हेड विवेक कुमार सिंह ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न सीएसआर गतिविधियों एवं परियोजनाओं की जानकारी दी।

एफपीओ अध्यक्ष ने संगठन के विजन, मिशन और उपलब्धियों की जानकारी साझा की। वित्तीय वर्ष 2026-27 की व्यावसायिक योजना, निदेशक मंडल के चुनाव और बोनस शेयर वितरण सहित अन्य विषयों पर चर्चा हुई। शेयरधारकों को शेयर प्रमाणपत्र वितरित किए गए तथा कृषि सेवा केंद्र से सर्वाधिक व्यापार करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राजीविका के जिला कार्यक्रम अधिकारी मोतीलाल मीणा, नेवातलाई के प्रशासक किशन मीणा, चनावदा के प्रशासक चुन्नीलाल मीणा, बायफ लाइव्लीहुड्स के स्टेट हेड पवन पाटीदार सहित समाधान परियोजना की टीम मौजूद रही।

समाधान परियोजना के तहत एफपीओ के माध्यम से किसानों को कृषि आदानों की खरीद, उत्पादन, कटाई, ग्रेडिंग, संग्रहण और विपणन में सहयोग दिया जा रहा है। किसानों को सामूहिक विपणन, बाजार भाव की जानकारी और बेहतर मूल्य प्राप्ति के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने पर भी कार्य किया जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *