अंबाजी से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार की सामने से टक्कर, बच्चे समेत 7 घायल
Share
डूंगरपुर, 21 सितम्बर: वरदा थाना क्षेत्र में हीराता और आतरी के बीच सोमवार को दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक बच्चे समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों में अंबाजी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार बुचिया बड़ा, सुरजगांव, नान्दोद और सागवाड़ा क्षेत्र के निवासी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी कार से उनकी अर्टिका की टक्कर हो गई। हादसे की सूचना पर वरदा और सागवाड़ा की 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पायलट विक्रम सिंह, जगपाल सिंह तथा ईएमटी राजेश और दिलीप रोत ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद छह वर्षीय हेनिक और कार चालक ऋषि की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

