उदयपुर में अब 72 घंटे में मिलेगा पेयजल
Share
25 सितम्बर से नई व्यवस्था, निर्धारित समय वही रहेगा; जलदाय विभाग ने पानी बचाने की अपील की
उदयपुर, 24 सितम्बर: शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में बदलाव होने जा रहा है। जलदाय विभाग के अनुसार 25 सितम्बर से शहर के कई क्षेत्रों में 48 घंटे के बजाय हर 72 घंटे में पेयजल आपूर्ति की जाएगी। हालांकि पानी सप्लाई का निर्धारित समय पूर्ववत रहेगा, केवल दो सप्लाई के बीच का अंतराल बढ़ जाएगा। नई व्यवस्था के चलते लोगों को तीन दिन की जरूरत के अनुसार पानी का प्रबंध करना होगा।
72 घंटे के अंतराल वाली व्यवस्था में सविना, सेक्टर-4, 5, 6 और 14, गोवर्धन विलास, पटेल सर्किल, रेलवे क्षेत्र, राजेंद्र नगर, गायत्री नगर, शांति नगर, माछला मगरा, सूरजपोल, हाथीपोल, चांदपोल, लालघाट, अंबामाता, अंबावगढ़ और सज्जननगर सहित शहर के कई इलाके शामिल हैं।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि नई व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आवश्यक मात्रा में पानी का भंडारण रखें और उपलब्ध पानी का मितव्ययता से उपयोग करें।

