LOADING

Type to search

पद के साथ ही महापौर सिंघवी ने संभाला शहर का मोर्चा

Local

पद के साथ ही महापौर सिंघवी ने संभाला शहर का मोर्चा

Share

उदियापोल का दौरा कर पार्क, सड़क, नाली और एलिवेटेड रोड के नीचे की व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश; मौके पर ही शुरू करवाए काम
\उदयपुर, 24 सितम्बर:
नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर पारस सिंघवी ने पदभार ग्रहण करने के दूसरे दिन ही शहर की व्यवस्थाओं का मोर्चा संभाल लिया। गुरुवार सुबह उन्होंने अधिकारियों के साथ उदियापोल क्षेत्र का दौरा किया और सफाई, सड़क, नाली, पार्क तथा सार्वजनिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जहां भी तत्काल सुधार की जरूरत नजर आई, वहां महापौर ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए और कई काम तत्काल शुरू करवाए।
महापौर ने अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा, अधिशासी अभियंता अखिल गोयल और स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा के साथ उदियापोल चौराहे सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उदियापोल पार्क की सफाई और रखरखाव व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। इसके बाद निगम की टीम ने पार्क में सफाई कार्य शुरू कर दिया।
रेलवे स्टेशन के सामने कच्ची बस्ती क्षेत्र में नाली का पानी सड़क पर आने की समस्या भी देखी गई। महापौर ने नाली को व्यवस्थित कर सड़क पर पानी आने से रोकने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर संबंधित टीम ने तत्काल काम शुरू किया।
इसके अलावा उदियापोल से रेलवे स्टेशन की ओर बनने वाले एलिवेटेड रोड के नीचे सड़क पर बने गड्ढों को ठीक कराने और आवश्यक स्थानों पर डामरीकरण करवाने के निर्देश दिए। एलिवेटेड रोड के नीचे रखी अनुपयोगी सामग्री हटाने को भी कहा, ताकि आवागमन सुगम रहे।
सिंघवी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता से लिया जाए और जहां तत्काल कार्रवाई संभव हो, वहां बिना देरी काम शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि उदयपुर की पहचान पर्यटन और ऐतिहासिक विरासत के कारण देश-दुनिया में है, इसलिए सड़क, पार्क, चौराहे और सार्वजनिक स्थान स्वच्छ व व्यवस्थित रहना जरूरी है। महापौर ने नियमित रूप से अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण करने तथा लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *