स्कूटी पर थैले में छिपाकर ले जा रही थी गांजा, महिला गिरफ्तार
Share
उदयपुर, 25 सितम्बर: सायरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्कूटी पर गांजा ले जा रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 3.040 किलोग्राम गांजा बरामद कर स्कूटी जब्त की है
पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/मुख्यालय मुकुल शर्मा एवं वृत्ताधिकारी गिर्वा छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी शैतान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम 24 सितम्बर को गश्त पर थी।
टीम सामल गांव में सड़क पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान गोगुंदा की ओर से बिना नंबर की स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो स्कूटी सवार महिला घबरा गई। पूछताछ में उसने अपना नाम जसौदा पत्नी हिरालाल कलाल, निवासी मेनवाड़ा रोड, बारली, थाना सादड़ी, जिला पाली बताया। स्कूटी पर रखे थैले के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर पुलिस ने गवाहों के समक्ष थैले की तलाशी ली। इसमें दो अलग-अलग थैलियों में गांजा भरा मिला, जिसका कुल वजन 3.040 किलो था।

