पंचायत चुनाव में ताकत बढ़ाने के साथ भाजपा को हराना माकपा का लक्ष्य
Share
माकपा जिला परिषद की 7 सीटों पर उतारेगी उम्मीदवार, पंचायत समितियों में भी करेगी चुनाव
उदयपुर, 26 सितम्बर: माकपा आने वाले पंचायत चुनाव में उदयपुर जिले में अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने के साथ भाजपा को हराने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। यह बात माकपा राज्य सचिव मंडल सदस्य एवं उदयपुर प्रभारी दुलीचंद मीणा ने पार्टी कार्यालय में दल्लाराम लऊर की अध्यक्षता में हुई बैठक में कही।
मीणा ने कहा कि आदिवासी क्षेत्र में रोजगार, जंगल के अधिकार, मनरेगा, शिक्षा, चिकित्सा और राशन सहित आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आदिवासियों के हितों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने कांग्रेस पर भी विपक्ष की प्रभावी भूमिका नहीं निभाने का आरोप लगाया।
जिला सह प्रभारी विमल भगोरा ने भाजपा पर चुनाव जीतने के लिए अनैतिक हथकंडे अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी को अपने संघर्ष और कार्यों को जनता की राजनीतिक चेतना से जोड़ना होगा।
जिला सचिव राजेश सिंघवी ने जिले में पार्टी एवं जनसंगठनों की गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि माकपा जिला परिषद की सात सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा झाड़ोल, फलासिया, गोगुंदा, सायरा, कोटड़ा, गिरवा और ऋषभदेव में पंचायत समिति सदस्य के चुनाव भी लड़े जाएंगे।
बैठक में नगर निगम के वार्ड 32 से माकपा प्रत्याशी की लगातार सातवीं जीत पर कार्यकर्ताओं ने बधाई दी। बैठक में प्रभुलाल भगोरा, गुमान सिंह राव, प्रेम पारगी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। अध्यक्ष दल्लाराम लऊर ने कार्यकर्ताओं से चुनावी संघर्ष के साथ जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया।

