बैलेट पेपर से होंगे पंचायत चुनाव, 1200 बड़ी और 900 छोटी मतपेटियां तैयार
Share
चित्तौड़गढ़ की 359 ग्राम पंचायतों में 1131 मतदान केंद्रों के लिए सामग्री जुटाने में जुटा प्रशासन
चित्तौड़गढ़, 27 सितंबर: पंचायती राज चुनाव-2026 को लेकर आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद गांवों में चुनावी हलचल बढ़ गई है। संभावित उम्मीदवार तैयारियों में जुटे हैं, वहीं जिला प्रशासन ने मतदान व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इस बार सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर से होंगे, ऐसे में मतपेटियों और मतदान सामग्री की तैयारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
जिले की 359 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव प्रस्तावित हैं। इनके लिए करीब 1131 मतदान केंद्रों की व्यवस्था की जा रही है। शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम को मुख्य निर्वाचन स्टोर बनाया गया है। जिला रसद अधिकारी हितेश जोशी के नेतृत्व में करीब 40 कर्मचारियों की टीम यहां चुनावी सामग्री तैयार करने में जुटी है।
प्रशासन करीब 1200 बड़ी और 900 छोटी मतपेटियां तैयार कर रहा है। सफाई, लॉक की जांच, ग्रीसिंग और ऑयलिंग का काम किया जा रहा है। अब तक 975 बड़ी मतपेटियां तैयार हो चुकी हैं। योजना के अनुसार प्रत्येक मतदान दल के साथ दो बड़ी और एक छोटी मतपेटी भेजी जाएगी।
प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए अलग किट तैयार की जा रही है, जिसमें करीब 40 से 45 प्रकार की सामग्री होगी। इसमें दस्तावेज, फॉर्म, सील, स्टेशनरी और अन्य जरूरी सामान शामिल हैं। प्रशासन का लक्ष्य मतदान दिवस से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करना है।

