मेलजोल मेले में ‘दिवेर विजय’ प्रस्तुति ने जीवंत किया इतिहास
Share
महाराणा प्रताप का शासन गुड गवर्नेंस और संसाधन प्रबंधन का प्रेरक मॉडल : भारती राज
उदयपुर, 27 सितंबर: विद्या भवन पॉलिटेक्निक में आयोजित मेलजोल मेले में विद्यार्थियों ने ‘दिवेर विजय’ की प्रभावी नाट्य प्रस्तुति देकर महाराणा प्रताप के संघर्ष और शौर्य को जीवंत कर दिया। गीत, संवाद, अभिनय और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत ऐतिहासिक प्रसंग ने दर्शकों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर आरएसएमएम लिमिटेड की वित्त सलाहकार एवं राजस्थान लेखा सेवा की वरिष्ठ अधिकारी भारती राज ने कहा कि महाराणा प्रताप का शासनकाल गुड गवर्नेंस, वित्त प्रबंधन, उपलब्ध संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग, मानव संसाधन के प्रभावी संयोजन तथा जल एवं प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन का प्रेरक उदाहरण है। इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट के विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रताप महान सेनानायक होने के साथ विपरीत परिस्थितियों में संगठन, संसाधन और शक्ति के कुशल संयोजक भी थे। युवाओं को राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व, संयम और जनसरोकार जैसे मूल्यों को आत्मसात करना चाहिए।
अध्यक्षता करते हुए यूसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष कोमल सिंह कोठारी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया। प्राचार्य डॉ. अनिल मेहता ने तकनीकी शिक्षा के साथ समाज से जुड़ने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। खान-पान, खेल एवं मनोरंजन के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे।

