LOADING

Type to search

राठौड़ बोले- गहलोत ने बसपा के वोट खरीदे, बदले में मंत्री पद दिया

political

राठौड़ बोले- गहलोत ने बसपा के वोट खरीदे, बदले में मंत्री पद दिया

Share

कांग्रेस पहले अपना राजनीतिक रिकॉर्ड देखे, दो बार बसपा के हाथी को डकार गए; एसआईआर और सत्ता के दुरुपयोग के आरोपों पर भी साधा निशाना
चित्तौड़गढ़, 2 अक्टूबर:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लगाने से पहले अपने राजनीतिक फैसलों का रिकॉर्ड देखना चाहिए। श्री सांवलियाजी मंदिर में दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत में राठौड़ ने गहलोत सरकार के गठन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि अल्पमत की सरकार को बचाने के लिए बसपा विधायकों का समर्थन लिया गया और बदले में उन्हें मंत्री पद दिए गए। उन्होंने कहा कि यह भी एक तरह से वोट खरीदना ही था।
राठौड़ ने कहा, “अशोक गहलोत अल्पमत में थे ना। मुख्यमंत्री बने कैसे? उन्होंने वोट खरीदे थे। बसपा के वोट खरीदे, क्योंकि बदले में मंत्री दिया। लाभ का पद दिया, फायदा पहुंचाया। दो बार बसपा के हाथी को पूरा डकार गए। वह किस मुंह से हमसे बात करते हैं?”
‘एक तरफ जीत का दावा, दूसरी तरफ चुनाव प्रक्रिया पर सवाल’
निकाय चुनाव के बाद कांग्रेस की ओर से एसआईआर, चुनाव आयोग और सत्ता के दुरुपयोग को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस एक ही चुनाव को लेकर दो तरह की बातें कर रही है। एक तरफ वह कई स्थानों पर अपनी स्थिति मजबूत होने और भाजपा से मामूली अंतर से पीछे रहने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाती है। उन्होंने कहा कि यदि सत्ता का दुरुपयोग हुआ होता तो विपक्ष को इतने वोट और जीत कैसे मिलती।
राठौड़ ने कहा कि जहां कांग्रेस चुनाव जीतती है, वहां वह अपनी पीठ थपथपाती है और जहां हार होती है, वहां एसआईआर, ईवीएम, चुनाव आयोग और सत्ता के दुरुपयोग जैसे मुद्दे उठाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता का फैसला सर्वोपरि है और सभी राजनीतिक दलों को जनादेश का सम्मान करना चाहिए।
डोटासरा की एक वोट से जीत का दिया उदाहरण
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की लक्ष्मणगढ़ निकाय में एक वोट से हुई जीत का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही होती तो डोटासरा एक वोट से चुनाव कैसे जीतते। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव परिणाम प्रभावित करने का कोई काम नहीं किया और जनता ने जिसे समर्थन दिया, वह जीता।
पंचायत चुनाव में उम्मीदवारों के चयन के लिए कई स्तर पर सर्वे
आगामी पंचायत राज चुनावों को लेकर राठौड़ ने कहा कि भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उम्मीदवारों के चयन के लिए पार्टी कई स्तर पर सर्वे करा रही है। दूसरे वार्डों के कार्यकर्ताओं को संबंधित क्षेत्रों में भेजकर फीडबैक लिया जा रहा है। शहर के कार्यकर्ताओं को ग्रामीण क्षेत्रों में भेजकर भी जानकारी जुटाई जाएगी। संगठन स्तर पर भी सर्वे किया जा रहा है। सभी रिपोर्टों को कंप्यूटर में दर्ज कर उनका निचोड़ निकाला जाएगा और इसके आधार पर उम्मीदवार तय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे लोगों को मौका देगी, जिनकी क्षेत्र में स्वीकार्यता हो और जो जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतर सकें।
आरक्षण के अनुसार तय होंगे उम्मीदवार
चित्तौड़गढ़ में जिला प्रमुख पद के आरक्षण को लेकर पूछे गए सवाल पर राठौड़ ने कहा कि भाजपा के पास सभी वर्गों के योग्य कार्यकर्ता मौजूद हैं। जिस वर्ग के लिए जिस पद का आरक्षण होगा, उसी के अनुरूप उम्मीदवार का चयन किया जाएगा। सर्वे और संगठन की राय के आधार पर समय आने पर नाम घोषित किए जाएंगे।
आक्या गांव पहुंचकर जताई शोक संवेदना
राठौड़ गुरुवार रात श्री सांवलियाजी मंदिर में दर्शन के बाद शुक्रवार सुबह आक्या गांव पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के पिता रामसिंह चौहान के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद वे निंबाहेड़ा में आयोजित नव निर्वाचित पार्षदों के सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *