जयसमंद का पानी सराड़ा-सेमारी तक पहुंचाने की योजना को मिले मंजूरी
Share
सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, 4 लाख से अधिक आबादी को लाभ का दावा
उदयपुर, 3 अक्टूबर: सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सलूम्बर जिले के सराड़ा एवं सेमारी क्षेत्र में जयसमंद झील का पानी पेयजल एवं सिंचाई के लिए पहुंचाने की अतिरिक्त योजना को मंजूरी देने का आग्रह किया है। उन्होंने स्थानीय जलस्रोतों को जयसमंद से जोड़ने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की भी मांग की।
सांसद ने पत्र में कहा कि सराड़ा, केजड़, चावंड, नठारा, नालहलकार, सरसियां, थाना सहित आसपास के क्षेत्रों और सेमारी पंचायत समिति क्षेत्र में पर्याप्त पेयजल एवं सिंचाई सुविधाओं का अभाव है। कम वर्षा के दौरान जल संकट और गहरा जाता है। उन्होंने कहा कि जयसमंद का पानी नहीं मिलने से क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से इसकी मांग कर रहे हैं।
डॉ. रावत के अनुसार प्रस्तावित योजना से सराड़ा, सेमारी और मेवल क्षेत्र की 4 लाख से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे जाखम-जयसमंद वृहद जल परियोजना को व्यापक बनाने वाली पहल बताया। सांसद ने बताया कि करीब 7300 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली परियोजना से माही-जाखम का अतिरिक्त पानी जयसमंद झील भरने के साथ पेयजल और सिंचाई में उपयोग किया जाएगा।

