LOADING

Type to search

रोडवेज बस ने बाइक सवार दो छात्रों को कुचला

crime

रोडवेज बस ने बाइक सवार दो छात्रों को कुचला

Share

सिर में गंभीर चोट से मौके पर मौत; नए कपड़े खरीदकर घर लौट रहे थे दोनों दोस्त, ड्राइवर बस छोड़कर फरार
बांसवाड़ा, 4 अक्टूबर:
बांसवाड़ा से कपड़े खरीदकर बाइक से घर लौट रहे दो छात्रों को रोडवेज बस ने टक्कर मारने के बाद कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बांसवाड़ा-उदयपुर मार्ग पर सुंदनी के पास हुई। हादसे के बाद बस चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
मोटागांव थानाधिकारी देवीलाल ने बताया कि समीर (18) पुत्र रूपलाल यादव और नीलेश (16) पुत्र विट्ठल यादव रविवार सुबह बाइक से कपड़े खरीदने बांसवाड़ा आए थे। खरीदारी के बाद दोनों वापस घर लौट रहे थे। सुंदनी के पास उदयपुर की ओर से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों को संभलने का मौका नहीं मिला।
हादसे में दोनों के सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बस में सवार यात्री भी बीच रास्ते में फंस गए और बाद में अन्य वाहनों से रवाना हुए।
सूचना पर मोटागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जुटने से हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने भीड़ हटाकर यातायात सुचारू कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *