LOADING

Type to search

बैरिकेड पर चढ़े कांग्रेस कार्यकर्ता तो पुलिस ने खदेड़ा

political

बैरिकेड पर चढ़े कांग्रेस कार्यकर्ता तो पुलिस ने खदेड़ा

Share

कलेक्ट्रेट के बाहर पुलिस-प्रदर्शनकारियों में धक्का-मुक्की, कुछ बैरिकेड गिरे; एसआईआर के विरोध में टाउन हॉल से निकाला मार्च, मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला फूंका
उदयपुर, 8 अक्टूबर:
एसआईआर के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस के विरोध मार्च के दौरान कलेक्ट्रेट के बाहर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारी बैरिकेड पर चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें पीछे हटाया तो धक्का-मुक्की शुरू हो गई और इस दौरान कुछ बैरिकेड गिर गए। स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने भीड़ को पीछे धकेला। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, डीएसपी राजेश यादव सहित तीन से अधिक थानों के थानाधिकारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर मौजूद रहे।
इंडिया गठबंधन के आह्वान और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कांग्रेस ने एसआईआर के विरोध में टाउन हॉल से विरोध मार्च शुरू किया। मार्च बापू बाजार और दिल्ली गेट होते हुए कोर्ट चौराहा पहुंचा। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ और देहात कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में ब्लॉक व मंडल अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी, पार्षद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एसआईआर तत्काल रद्द किया जाए और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही चुनाव आयोग की निष्पक्षता बनाए रखने तथा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट के बाहर कुछ देर के लिए पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तनाव की स्थिति बनी रही।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *