LOADING

Type to search

गंगा मैया के जयकारों के साथ गंगासागर के लिए तीर्थ ट्रेन रवाना

dharm

गंगा मैया के जयकारों के साथ गंगासागर के लिए तीर्थ ट्रेन रवाना

Share

उदयपुर संभाग के 435 वरिष्ठ नागरिक यात्रा पर निकले, 16 अक्टूबर को लौटेंगे; यात्रा में चिकित्सा सहायता के लिए डॉक्टर और नर्सिंगकर्मी तैनात
उदयपुर, 10 अक्टूबर
: देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत शनिवार को राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन से गंगासागर के लिए विशेष ट्रेन रवाना हुई। गंगा मैया के जयकारों के बीच देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त जतिन गांधी और ऋषभदेव की सहायक आयुक्त दीपिका मेघवाल ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा को लेकर सुबह से ही स्टेशन पर वरिष्ठ नागरिकों की भीड़ जुटने लगी थी।
देवस्थान विभाग के कार्मिकों ने नितिन नागर और सुमित्रा सिंह के नेतृत्व में यात्रियों के दस्तावेजों की जांच कर टिकट आवंटित किए। उदयपुर संभाग से कुल 435 वरिष्ठ नागरिक रवाना हुए। इनमें उदयपुर जिले के 252, चित्तौड़गढ़ के 59, राजसमंद के 33, प्रतापगढ़ के 55, सलूम्बर के 3 तथा बांसवाड़ा और डूंगरपुर के कुल 33 यात्री शामिल हैं। अजमेर और भरतपुर से यात्रियों के शामिल होने के बाद ट्रेन में कुल 970 यात्री होंगे।
नि:शुल्क यात्रा के साथ चिकित्सा सुविधा
यात्रियों की सहायता के लिए 30 कार्मिकों का स्टाफ तैनात किया गया है। प्रत्येक डिब्बे में दो सरकारी कर्मचारी यात्रियों की मदद करेंगे। चिकित्सा सुविधा के लिए एक डॉक्टर और दो नर्सिंगकर्मी भी साथ भेजे गए हैं। पूरी ट्रेन के लिए कोरमाकांत स्वर्णकार को राजपत्रित अधिकारी एवं रेल प्रभारी नियुक्त किया गया है। यात्रा के दौरान निर्धारित सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
12 अक्टूबर को गंगासागर पहुंचेंगे यात्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन 12 अक्टूबर को गंगासागर पहुंचेगी। वहां दर्शन के बाद यात्रियों को कोलकाता ले जाया जाएगा, जहां बेलूर मठ सहित अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। तीर्थ यात्रा पूरी होने के बाद विशेष ट्रेन 16 अक्टूबर को उदयपुर लौटेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *