सीवरेज कार्य के लगभग महीने बाद भी सड़कें बदहाल, रूप विहार कॉलोनी, सेक्टर 13 के निवासियों की सुध लेने वाला कोई नहीं!
Share
जिला कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग, जिम्मेदार अधिकारियों एवं सीवरेज ठेकेदार के प्रति जताया आक्रोश
उदयपुर, 12 अक्टूबर। देहात जिला कांग्रेस कमेटी उदयपुर, के पूर्व महासचिव प्रदीप त्रिपाठी, कांग्रेस नेता दिनेश आचार्य, वार्ड नं. 34 से कांग्रेस की पार्षद प्रत्याशी श्रीमती प्रेरणा सुहालका, कांग्रेस नेता श्रीमती सीमा आचार्य और कांग्रेस नेता संजय सुहालका ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि हिरण मगरी सेक्टर-11 स्थित अरावली गैस सर्विस कार्यालय के सामने रूप विहार कॉलोनी सेक्टर 13 में सीवरेज कार्य पूरा हुए लगभग 20 महीने बीत जाने के बाद भी आज तक सड़कों और गलियों की समुचित मरम्मत नहीं होना संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सीवरेज कार्य के बाद सड़क को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के बजाय पूरे क्षेत्र को बदहाल अवस्था में छोड़ दिया गया है। इससे कॉलोनीवासियों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कॉलोनी की सड़कों पर जगह-जगह कंकर-पत्थर, मिट्टी और उबड़-खाबड़ सतह के कारण आवागमन बेहद जोखिमपूर्ण हो गया है। पिछले दिनों हुई मामूली बारिश ने व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। सड़क की मिट्टी धंसने और जलभराव के कारण रास्ते पर दलदल जैसी स्थिति बन गई, जिससे वाहन चालकों, राहगीरों, बुजुर्गों और बच्चों के लिए निकलना तक मुश्किल हो गया। ऐसी परिस्थितियों में दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
सबसे गंभीर सवाल यह है कि आखिर सीवरेज कार्य पूरा होने के 15–16 महीने बाद भी सड़क की मरम्मत क्यों नहीं हुई? क्या संबंधित विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं? क्या आम नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं के लिए इसी तरह परेशान होते रहना पड़ेगा?
कॉलोनीवासियों द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाने के बावजूद समाधान नहीं होना बेहद चिंताजनक है। बार-बार शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होना प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है। विकास कार्यों के नाम पर सड़कों को खोदकर छोड़ देना और उसके बाद उनकी सुध नहीं लेना किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।
कांग्रेस नेताओं ने जिला कलेक्टर से इस गम्भीर समस्या पर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि सीवरेज कार्य के लिए जिम्मेदार ठेकेदार एवं संबंधित विभाग को तत्काल निर्देशित कर सड़क और गलियों की मरम्मत करवाई जाए, फैली हुई मिट्टी एवं कंकर-पत्थरों को हटाया जाए, सड़क को समतल किया जाए तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, इस लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय कर कार्यवाही की जाए और मरम्मत कार्य की समय-सीमा निर्धारित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कॉलोनीवासियों की सुरक्षा और आवागमन की सुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन को इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए केवल आश्वासन देने के बजाय धरातल पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। यदि अब भी समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कॉलोनीवासी अपनी मांगों को लेकर आगे की कार्रवाई करने के लिए बाध्य होंगे।

