फलोदी में पिता के सामने 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 9 साल का बालक, बचाव अभियान जारी
Share
खेत पर बोरवेल की मरम्मत के दौरान हुआ हादसा, कैमरा डालकर बच्चे की स्थिति का पता लगाने के प्रयास
जोधपुर, 15 अक्टूबर। राजस्थान के फलोदी जिले में गुरुवार को बोरवेल की मरम्मत के दौरान नौ साल का बालक करीब 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। हादसे के बाद पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने बचाव अभियान शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक बालक को बाहर निकालने के प्रयास जारी थे।
अधिकारियों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे लोहावट क्षेत्र की पूनियों की ढाणी में हुआ। बालक भोमाराम के पिता पचाराम के खेत में बोरवेल खराब हो गया था। उसकी मरम्मत के लिए मशीन मंगवाई गई थी। इस दौरान श्रमिक पाइप निकाल रहे थे और बालक के पिता मोटर हटाने में लगे थे। तभी भोमाराम अचानक बोरवेल में फिसलकर गिर गया।
पिता ने बताया कि जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो बालक का सिर और हाथ दिखाई दे रहे थे, लेकिन उनके मौके पर पहुंचने तक वह और नीचे खिसक गया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलने पर ग्रामीण भी खेत पर एकत्र हो गए।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। बालक की स्थिति और उसकी जगह का पता लगाने के लिए बोरवेल में कैमरा उतारा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब 640 फीट की गहराई पर हलचल दिखाई दी। बोरवेल की अनुमानित गहराई 1050 फीट होने के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। बालक की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

