डूंगरपुर में बेटियों के सुकन्या खाते खुलवाएगी नगर परिषद, घर-घर पहुंचेगी टीम
Share
10 साल तक की पात्र बालिकाओं को मिलेगा उपहार, शिविर में निशुल्क बनेंगे आधार कार्ड
उदयपुर, 18 अक्टूबर: दुर्गाष्टमी पर कन्या पूजन के साथ डूंगरपुर नगर परिषद ने बेटियों के आर्थिक भविष्य को सुरक्षित करने की पहल की है। सभापति सुशीला गुप्ता की पहल पर अब जन्म से 10 वर्ष तक की पात्र बालिकाओं के प्रधानमंत्री सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाते खुलवाए जाएंगे। इसके लिए नगर परिषद की टीम घर-घर जाकर अभिभावकों को योजना की जानकारी देगी और खाता खुलवाने में मदद करेगी। जिन बालिकाओं के आधार कार्ड नहीं बने हैं, उनके निशुल्क आधार कार्ड बनवाने की व्यवस्था भी की जाएगी। खाता खुलने पर नगर परिषद की ओर से बालिकाओं को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार दिया जाएगा।
नगर परिषद में लगेगा विशेष शिविर
सभापति सुशीला गुप्ता ने रविवार को कन्या पूजन के बाद अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने या जानकारी के अभाव में किसी बेटी की शिक्षा और भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। अभियान के तहत पात्र बालिकाओं की जानकारी जुटाकर अभिभावकों को योजना की पात्रता, जमा राशि और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में बताया जाएगा। नगर परिषद में डाकघर अधिकारियों की मौजूदगी में विशेष शिविर लगाकर खाते खुलवाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
बचत से संवरेगा भविष्य
सुकन्या समृद्धि योजना में 10 वर्ष से कम उम्र की बालिका के नाम पर खाता खुलवाया जा सकता है। इसमें एक वित्तीय वर्ष में न्यूनतम 250 रुपए और अधिकतम 1.50 लाख रुपए जमा किए जा सकते हैं। 15 वर्ष तक राशि जमा करने का प्रावधान है और खाता 21 वर्ष में परिपक्व होता है। पूर्व सभापति एवं स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता ने पहल की सराहना की। उन्होंने अपने कार्यकाल में बालिकाओं को कराटे प्रशिक्षण देने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की पढ़ाई में सहयोग जैसे प्रयासों का उल्लेख किया।

