43 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार, हिमाचल पहुंचकर बन गया था फुटबॉल कोच
Share
नौकरी दिलाने के नाम पर 3 हजार रुपए ठगने का आरोप, पहचान छिपाने के लिए पैतृक दस्तावेजों से हटवाया नाम
उदयपुर, 19 अक्टूबर: नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में 43 साल से फरार चल रहे आरोपी को उदयपुर पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी वहां फुटबॉल कोच बनकर पहचान छिपाए हुए था। पुलिस टीम खिलाड़ी बनकर कोचिंग लेने पहुंची और उसे खेल मैदान से दबोच लिया।
धानमंडी थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विजय कुमार यादव (69) हरियाणा के भिवानी का निवासी है। वह वर्ष 1984 से फरार था। पुलिस से बचने के लिए उसने पैतृक निवास के दस्तावेजों से अपना नाम तक हटवा दिया था। वर्तमान में वह हिमाचल प्रदेश के सिरमौर स्थित चौगान खेल मैदान में फुटबॉल कोच के रूप में काम कर रहा था।
नौकरी के नाम पर की थी ठगी
पुलिस के अनुसार, कनावड़ा निवासी भंवरसिंह ने 5 मार्च 1984 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि किनारा ग्रुप-अग्रवाल सेल्स के मैनेजर नरेंद्र सिंह यादव और अन्य कर्मचारियों ने केंद्र सरकार से मान्यता प्राप्त कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे 3 हजार रुपए ऐंठे। आरोपियों ने अन्य लोगों से भी कुल 32 हजार रुपए की धोखाधड़ी की और कार्यालय बंद कर फरार हो गए। मामले में पहले नौ आरोपी गिरफ्तार हो चुके थे, जबकि विजय लगातार फरार था। तकनीकी सहायता और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने उसका पता लगाया।

