हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, पिता-बेटी की मौत
Share
दो महिलाएं गंभीर घायल, घटा माता कट के पास हादसे के बाद चालक फरार
उदयपुर, 20 अक्टूबर: उदयपुर जिले में गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे-27 पर देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और उसकी दो साल की बेटी की मौत हो गई, जबकि पत्नी सहित दो महिलाएं गंभीर घायल हो गईं। हादसा रात करीब 10 बजे घटा माता कट के पास हुआ। टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार नाल पंचायत के ढाकला माता निवासी खमाणा (38) पुत्र कउवा बाइक से जसवंतगढ़ की ओर से गोगुंदा आ रहा था। घटा माता कट से हाईवे पर पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में खमाणा और उसकी दो साल की बेटी हंसी गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने खमाणा को मृत घोषित कर दिया। बच्ची ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में खमाणा की पत्नी डालकी बाई (31) और गांगली बाई (35) गंभीर घायल हो गईं। दोनों का उपचार जारी है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम के हालात बन गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फरार वाहन चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दोनों मृतकों के शव गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

