कंटेनर की टक्कर से पति-पत्नी की मौत, पिता घायल
Share
पीछे से मारी टक्कर, उछलकर सड़क पर गिरे तीनों; छह माह पहले हुई थी शादी
उदयपुर, 22 अक्टूबर : प्रतापनगर थाना क्षेत्र में जिंक चौराहे के पास बुधवार शाम तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा।
पुलिस के अनुसार, ढीकली निवासी कुशाल कीर (27), उनकी पत्नी निशा कीर (24) और पिता रंगलाल कीर स्कूटी पर सवार होकर उदयपुर शहर से डबोक की ओर अपने पैतृक गांव साकूड़ा में नवरात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। बुधवार शाम करीब पांच बजे जिंक चौराहे के पास पुलिया पर पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में कुशाल और निशा के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रंगलाल घायल हो गए।
*ड्राइवर मौके से फरार*
हादसे की सूचना पर थानाधिकारी अजय सिंह राव पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जबकि घायल रंगलाल का उपचार जारी है। दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
छह माह पहले हुई थी शादी
हादसे में जान गंवाने वाले कुशाल एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे, जबकि उनके पिता खेती करते हैं। कुशाल और निशा की शादी महज छह माह पहले ही हुई थी। हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

