पुलिस के खिलाफ वकीलों का मोर्चा, सुंदरकांड कर जताया विरोध
Share
सवीना थानाधिकारी को हटाने की मांग पर दूसरे दिन भी धरना, पथराव और धमकी के मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप
उदयपुर, 26 अक्टूबर: साथी वकील को जान से मारने की धमकी और प्लॉट विवाद में पथराव के मामले में पुलिस कार्रवाई से नाराज वकीलों का धरना सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। वकीलों ने कलेक्ट्रेट में पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और पुलिस की सद्बुद्धि के लिए सुंदरकांड का पाठ किया। वे सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह को हटाने की मांग पर अड़े हैं।
वकील एसपी कार्यालय के नीचे धरने पर बैठे हैं। बार एसोसिएशन अध्यक्ष जितेंद्र जैन, पूर्व अध्यक्ष भरत जोशी और पूर्व महासचिव चेतनपुरी गोस्वामी सहित कई वकील प्रदर्शन में शामिल हुए। वकीलों के समर्थन में सवीना क्षेत्र के कुछ स्थानीय लोग भी धरने पर बैठे। स्थिति को देखते हुए कलेक्ट्रेट में भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।
प्लॉट विवाद से शुरू हुआ मामला
बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव चेतनपुरी गोस्वामी के अनुसार, गोविंद नगर स्थित एक प्लॉट की सफाई के दौरान रविवार को कौशल आमेटा ने कथित तौर पर पथराव किया। वकीलों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। बार अध्यक्ष जितेंद्र जैन के अनुसार, साथी वकील राजेश जाजोदिया को सवीना थाने में पुलिसकर्मियों के सामने जान से मारने की धमकी भी दी गई, लेकिन आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। वकीलों ने रविवार शाम सवीना थाने का करीब तीन घंटे घेराव कर एएसपी उमेश ओझा को थानाधिकारी के खिलाफ शिकायत दी थी। कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बावजूद सोमवार सुबह तक मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने फिर धरना शुरू कर दिया।
थानाधिकारी ने कहा, दोनों पक्षों ने दी शिकायत
सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह ने कहा कि प्लॉट विवाद में दोनों पक्षों की ओर से परिवाद दिया गया था और पुलिस ने शिकायत मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी थी। उनके अनुसार, मौके पर दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ था और दोनों ओर के लोग घायल हुए थे। पुलिस कौशल आमेटा को पकड़ने का प्रयास कर रही थी।

