गोविंद नगर विवाद के लिए कांग्रेस ने UDA की निष्क्रियता को ठहराया जिम्मेदार
Share
फूटा तालाब की पेटा काश्त भूमि पर निर्माण और कच्ची सड़क की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप
उदयपुर, 26 अक्टूबर: हिरण मगरी सेक्टर-13 स्थित गोविंद नगर में भूखंड और निर्माण को लेकर हुए विवाद, मारपीट तथा अधिवक्ता के घायल होने की घटना पर कांग्रेस नेताओं ने उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। देहात जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव प्रदीप त्रिपाठी और ब्लॉक कांग्रेस महासचिव भारत रामानुज ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध निर्माण और कच्ची सड़क बनाने की शिकायतों के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई।
कांग्रेस नेताओं का दावा है कि गोविंद नगर स्थित फूटा तालाब की पेटा काश्त भूमि पर निर्माण को लेकर राजस्थान उच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद गतिविधियां जारी रहीं। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय जनसुनवाई में भी भराव डालकर कच्ची सड़क बनाने और निर्माण कार्यों की शिकायतें की गई थीं।
निर्माणों की वैधानिकता की जांच की मांग
नेताओं ने कहा कि यदि शिकायतों पर समय रहते नियमानुसार कार्रवाई होती तो विवाद को बढ़ने से रोका जा सकता था। उन्होंने यूडीए से क्षेत्र के सभी भूखंडों, निर्माणों और स्वीकृतियों की निष्पक्ष जांच कराने तथा पूर्व में जारी आदेशों और कार्रवाई की समीक्षा करने की मांग की। साथ ही, अनियमितता या लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और भविष्य में शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की।

