LOADING

Type to search

घर में तैयार हो रहा था मिलावटी घी, डेयरी और गांवों में सप्लाई

Health

घर में तैयार हो रहा था मिलावटी घी, डेयरी और गांवों में सप्लाई

Share


क्रीम में वनस्पति मिलाकर बना रहा था घी, खाद्य सुरक्षा टीम ने 70 किलो किया सीज
उदयपुर, 31 अक्टूबर:
उदयपुर में मिलावटखोरी का मामला सामने आया है। हिरणमगरी सेक्टर-5 स्थित श्री कृष्णा डेयरी का संचालक शंकर लाल पटेल अपने एकलिंगपुरा स्थित मकान में क्रीम और वनस्पति मिलाकर मिलावटी घी तैयार कर रहा था। इसे अपनी डेयरी के अलावा आसपास के गांवों में शादी-समारोह और धार्मिक आयोजनों की प्रसादी के लिए सप्लाई किया जा रहा था। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की खाद्य सुरक्षा टीम ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए घर से करीब 70 किलो मिलावटी घी सीज किया। मौके से 30 किलो क्रीम भी बरामद हुई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य के अनुसार विभाग को सेक्टर-5 स्थित डेयरी पर मिलावटी घी बेचने की शिकायत मिली थी। शिकायत में घी तैयार करने का स्थान एकलिंगपुरा स्थित संचालक का मकान बताया गया था। इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार गुप्ता और नरेंद्र सिंह चौहान की टीम ने पहले डेयरी पर दबिश दी, लेकिन वहां घी नहीं मिला। पूछताछ में संचालक ने घी बेचने और एकलिंगपुरा में मकान होने से भी इनकार कर दिया।
लगातार पूछताछ के बाद वह टीम को अपने मकान पर ले गया। तलाशी में दो केन में करीब 70 से 71 किलो तैयार घी और एक अन्य केन में 30 किलो क्रीम मिली। पूछताछ में उसने क्रीम और वनस्पति मिलाकर घी तैयार करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि पकड़े जाने से बचने के लिए वह घर से थोड़ा-थोड़ा घी डेयरी पर लाता था। शनिवार को दुकान पर रखा घी एक ग्राहक को बेच चुका था और नया स्टॉक लाने की तैयारी में था।
खाद्य सुरक्षा टीम ने घी और क्रीम के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। शेष घी सीज कर दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद टीम ने हाईवे पर काया स्थित कमल दीप होटल का भी निरीक्षण किया और वहां से पनीर व धनिया पाउडर के नमूने लिए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *