10वीं मंजिल के फ्लैट में एसी कंप्रेसर फटने से लगी आग, लाखों का सामान राख
Share
मां-बेटे ने फ्लैट से भागकर बचाई जान, पड़ोसियों ने रसोई से बाहर निकाले गैस सिलेंडर
उदयपुर, 1 नवंबर: उदयपुर में भुवाणा थाना क्षेत्र के न्यू नवरतन कॉम्प्लेक्स रोड स्थित नवरतन हाइट्स अपार्टमेंट में रविवार दोपहर 10वीं मंजिल के एक फ्लैट में एसी का कंप्रेसर फटने से आग लग गई। तेज धमाके के साथ लगी आग से फ्लैट में मौजूद मां-बेटे में अफरा-तफरी मच गई। दोनों ने समय रहते फ्लैट से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग से फ्लैट में रखा फर्नीचर, कपड़े, नकदी, ज्वेलरी और इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि 10वीं मंजिल पर मिनरल्स कारोबारी दिनेश वनारिया का फ्लैट है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे उनकी पत्नी हीना और बेटा प्रतीक फ्लैट में मौजूद थे। इसी दौरान एसी का कंप्रेसर तेज धमाके के साथ फट गया। इससे एसी की लाइन में भी ब्लास्ट हुआ और देखते ही देखते कमरे में आग फैल गई। धमाके की आवाज और धुआं देखकर मां-बेटे तुरंत बाहर भागे।
गैस सिलेंडर बाहर निकालकर टाला बड़ा खतरा
जिस कमरे में आग लगी, उसके पास ही रसोई थी, जहां गैस सिलेंडर रखे हुए थे। आग रसोई तक पहुंचने से पहले ही चौकीदार और आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे संभावित बड़े हादसे का खतरा टल गया।
फ्लैट से धुआं उठता देख अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया। सूचना पर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि दमकलकर्मियों के पहुंचने से पहले ही चौकीदार और पड़ोसियों ने बिल्डिंग में लगे अग्निशमन उपकरणों और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया था। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में फ्लैट का घरेलू और कीमती सामान जल गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

