बागीदौरा में मतदान की धीमी रफ्तार से परेशान होकर बिना वोट डाले लौटे मतदाता
Share
छींच बूथ पर एक घंटे तक कतार में खड़े रहे लोग, बांसवाड़ा की चार पंचायत समितियों में 87.42 प्रतिशत मतदान
उदयपुर, 5 नवम्बर : बांसवाड़ा जिले में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार को चार पंचायत समितियों की 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हुआ। जिले में शाम 6 बजे तक औसतन 87.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नाहरपुरा पंचायत समिति में सर्वाधिक 89.43 प्रतिशत और बागीदौरा में सबसे कम 85.04 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदान के दौरान बागीदौरा ब्लॉक के छींच मतदान केंद्र पर धीमी गति से वोटिंग होने के कारण मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। कतार में खड़े लोगों ने बताया कि वे करीब एक घंटे से अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। मतदाताओं ने मतदानकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लंबा इंतजार करने से परेशान होकर कुछ लोग बिना मतदान किए ही लौट गए। शाम 6 बजे तक भी बूथ पर मतदाताओं की कतारें लगी हुई थीं।
जिले में मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन की टीमें संवेदनशील मतदान केंद्रों पर निगरानी रखे हुए थीं। आनंदपुरी में पुलिस ने मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में बैठे लोगों को हटाकर रास्ता खाली करवाया। वहीं, गांगड़तलाई ब्लॉक के शेरगढ़ मतदान केंद्र पर लंबी कतारों के कारण मतदाताओं के लिए लगाया गया टेंट छोटा पड़ गया और लोगों को धूप में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
चारों पंचायत समितियों में कुल 2 लाख 91 हजार 893 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें 1 लाख 47 हजार 432 पुरुष, 1 लाख 44 हजार 458 महिलाएं और दो थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे। पंचायत समिति वार मतदान प्रतिशत में नाहरपुरा 89.43, आनंदपुरी 87.96, गांगड़तलाई 87.24 और बागीदौरा 85.04 प्रतिशत रहा।

