50 हजार रुपए की रिश्वत लेते दलाल गिरफ्तार, समग्र शिक्षा का अधिकारी भी जांच के घेरे में
Share
बकाया बिल पास कराने के बदले मांगी थी रिश्वत, पेट्रोल पंप पर कार में रुपए लेते एसीबी ने दबोचा
उदयपुर, 5 नवम्बर: भीलवाड़ा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए समग्र शिक्षा विभाग (समसा) से जुड़े रिश्वतखोरी के मामले में 50 हजार रुपए लेते एक दलाल को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान श्रेणिक के रूप में हुई है। वह विभाग के एक अधिकारी के लिए रिश्वत की राशि लेने पहुंचा था। एसीबी की टीम ने उसे रेलवे फाटक के पास स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर दबोच लिया।
एसीबी के डिप्टी पारसमल के अनुसार, समग्र शिक्षा विभाग में एक ठेकेदार से सिविल कार्य करवाया गया था। काम पूरा होने के बाद उसका बिल भुगतान बकाया था। बिल पास कराने की एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत ठेकेदार ने एसीबी से की थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई की गई।
बताया गया कि आरोपी ने ठेकेदार को रुपए देने के लिए पेट्रोल पंप के पास बुलाया था। वहां उसे स्विफ्ट कार में बैठाकर 50 हजार रुपए लिए। इसी दौरान पहले से तैयार एसीबी टीम ने उसे रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद एसीबी की एक अन्य टीम संबंधित अधिकारी की भूमिका की जांच और पूछताछ के लिए पहुंची। अधिकारी की गिरफ्तारी के लिए भी टीम भेजी गई। दलाल का मोबाइल और अन्य दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। एसीबी के अनुसार, रिश्वत मांगने और लेने के पूरे मामले में अधिकारी सहित अन्य लोगों की भूमिका का खुलासा जांच पूरी होने के बाद होगा।

