LOADING

Type to search

रिटर्न पार्सल से 3 लाख के ब्रांडेड कपड़े चुराने वाला डिलीवरी एजेंट गिरफ्तार

crime

रिटर्न पार्सल से 3 लाख के ब्रांडेड कपड़े चुराने वाला डिलीवरी एजेंट गिरफ्तार

Share

94 कपड़े गायब मिलने पर दर्ज हुई थी शिकायत, कंपनी की टेप हटाकर भूरे रंग की टेप से दोबारा पैक करता था पार्सल
डूंगरपुर, 5 नवम्बर:
डूंगरपुर में रिटर्न पार्सल से ब्रांडेड कपड़े चुराकर बाजार में कम कीमत पर बेचने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने एक डिलीवरी एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी पार्सल से महंगे कपड़े निकालने के बाद कंपनी की ब्रांडेड टेप हटाकर भूरे रंग की सामान्य टेप लगा देता था, ताकि पार्सल के साथ छेड़छाड़ का पता नहीं चल सके। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए कपड़े बरामद किए हैं, जिनकी बाजार कीमत 3 लाख 2 हजार 506 रुपए बताई गई है।
कोतवाली थानाधिकारी हिमांशु सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के हरैया निवासी विशाल सिंह ने 1 सितंबर को इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कैंटाबिल कंपनी के डूंगरपुर आउटलेट से पुराना स्टॉक दिल्ली स्थित मुख्य कार्यालय भेजा जा रहा था। इसके लिए डिलीवरी एजेंट कलीम अशरफ (24) से संपर्क किया गया था। आरोपी ने 19 जून को 11 बॉक्स गाड़ी में लेकर उदयपुर भेजने की बात कही थी। दिल्ली पहुंचने पर पार्सल की जांच की गई तो 210 कपड़ों में से 94 पीस कम मिले। इसके बाद कंपनी की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रिटर्न और रिप्लेसमेंट पार्सल की डिलीवरी का काम करता था। इसी दौरान वह पार्सल खोलकर महंगे ब्रांडेड कपड़ों में से एक-दो पीस निकाल लेता और कंपनी की मूल टेप हटाकर भूरे रंग की टेप से दोबारा पैक कर देता था। चोरी किए गए कपड़ों को वह बाजार में कम कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाता था।
पुलिस ने डूंगरपुर के मोहल्ला घाटी हाजीपुरा निवासी कलीम अशरफ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3,02,506 रुपए कीमत के कपड़े बरामद किए हैं। कार्रवाई में हैड कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह तथा कांस्टेबल नरेंद्र सिंह और राजवीर सिंह शामिल रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *