LOADING

Type to search

दिवाली टूरिस्ट डेस्टिनेशन में उदयपुर देश में 7वें स्थान पर, जयपुर पांचवें और पुष्कर दसवें नंबर पर

Uncategorized

दिवाली टूरिस्ट डेस्टिनेशन में उदयपुर देश में 7वें स्थान पर, जयपुर पांचवें और पुष्कर दसवें नंबर पर

Share

थ्रिलोफिलिया की टॉप-10 सूची में राजस्थान के तीन शहर शामिल, अयोध्या को मिला पहला स्थान
उदयपुर, 7 अक्टूबर।
दीपावली के मौके पर देशभर में पर्यटन और उत्सव के आकर्षण को लेकर जारी टॉप-10 टूरिस्ट डेस्टिनेशन की सूची में राजस्थान ने खास जगह बनाई है। अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल पोर्टल थ्रिलोफिलिया की ओर से जारी सूची में प्रदेश के तीन शहरों को शामिल किया गया है। इसमें जयपुर पांचवें, उदयपुर सातवें और पुष्कर दसवें स्थान पर रहा। वहीं, अयोध्या को देश का नंबर वन दिवाली टूरिस्ट डेस्टिनेशन बताया गया है।


झीलों और महलों की रोशनी ने बढ़ाया उदयपुर का आकर्षण
उदयपुर को सातवां स्थान मिलने के पीछे यहां की प्राकृतिक खूबसूरती, ऐतिहासिक विरासत, राजपूतकालीन स्थापत्य और समृद्ध मेवाड़ी संस्कृति को प्रमुख वजह माना गया है। दीपावली के दौरान शहर के बड़ा बाजार, घंटाघर और जगदीश चौक सहित प्रमुख बाजार आकर्षक रोशनी से जगमगा उठते हैं।
पिछोला झील में महलों की झिलमिलाती परछाइयां, सिटी पैलेस की शाही भव्यता और फतहसागर झील की पाल पर पर्यटकों की चहल-पहल उदयपुर की दिवाली को खास बनाती है। दीपावली के दौरान शहर में पर्यटकों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिलती है।
शॉपिंग और एडवेंचर भी पर्यटकों को कर रहे आकर्षित
उदयपुर आने वाले पर्यटक पिछोला झील, सिटी पैलेस, एकलिंगजी मंदिर, अमराई घाट, विंटेज कार म्यूजियम और शिल्पग्राम जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का रुख करते हैं। वहीं बड़ा बाजार और शिल्पग्राम में राजस्थानी हस्तशिल्प, बांधनी की साड़ियां, पारंपरिक मोजड़ियां और चांदी के आभूषणों की खरीदारी भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहती है।
इसके अलावा युवाओं में ट्रेकिंग, साइकिल टूर और पैराग्लाइडिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों को लेकर भी खासा उत्साह रहता है।
राजस्थान के तीन शहरों ने बनाई पहचान
थ्रिलोफिलिया की इस सूची में जयपुर, उदयपुर और पुष्कर का शामिल होना प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जयपुर की ऐतिहासिक विरासत, उदयपुर की झीलें और शाही महल तथा पुष्कर की धार्मिक पहचान देशभर के पर्यटकों को आकर्षित करती है। इस सूची में अयोध्या का पहले स्थान पर रहना दीपावली के धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के बढ़ते महत्व को भी दर्शाता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *