LOADING

Type to search

अपराध समाचार: पुलिस मजदूर बनकर पहुंची खेतों में, 780 किलो गांजे की फसल पकड़ी

crime

अपराध समाचार: पुलिस मजदूर बनकर पहुंची खेतों में, 780 किलो गांजे की फसल पकड़ी

Share


उदयपुर, 11 नवंबर। उदयपुर पुलिस ने कोटड़ा के मांडवा क्षेत्र में मजदूर बनकर खेतों में पहुंचकर गांजे की अवैध खेती पकड़ी। मांडवा, पानरवा, कोटड़ा और बेकरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौजा खारा कूपिया के पहाड़ी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाकर 779 किलो 790 ग्राम गांजे के हरे पौधे जब्त किए। एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तीन अलग-अलग मामले दर्ज कर खारा कूपिया निवासी कनिया, कपुरिया और साहिबा को आरोपी बनाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गांजे की सप्लाई राजस्थान के अलावा पंजाब, हरियाणा और गुजरात तक होती थी। पुलिस नेटवर्क की जांच कर रही है।

सड़क पर खड़ी बाइक में लगी आग, जलकर राख


उदयपुर, 11 नवंबर। उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह सड़क पर खड़ी बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक से धुआं उठने के बाद देखते ही देखते ऊंची लपटें उठने लगीं। आग देखकर आसपास के घरों से लोग बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने पानी की बौछार कर आग बुझाई, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। घटना सुबह करीब 6 बजे की है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चला है। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

तीन सीढ़ियां चढ़कर दुकान में घुसी बेकाबू कार

उदयपुर, 11 नवंबर। राजसमंद के कांकरोली थाना क्षेत्र में 60 फीट रोड मुख्य बाजार में बुधवार को तेज रफ्तार बलेनो कार बेकाबू होकर दुकान में जा घुसी। कार सड़क किनारे खड़ी दो बाइकों को टक्कर मारते हुए दुकान की तीन सीढ़ियां चढ़कर अंदर तक पहुंच गई। हादसे में दुकान का परचूनी सामान और दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि कोई राहगीर या वाहन चालक चपेट में नहीं आया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक पूछताछ में कार नाबालिग द्वारा चलाए जाने की जानकारी मिलने पर उसे डिटेन कर लिया। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घर की ऊपरी मंजिल पर फंदे से लटका मिला व्यक्ति

उदयपुर, 11 नवंबर। डूंगरपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रतापनगर में बुधवार सुबह एक व्यक्ति का शव घर की ऊपरी मंजिल के कमरे में फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान हरिश्चंद्र पंचाल (55) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रात को परिवार के साथ खाना खाने के बाद वे सोने चले गए थे। सुबह बिस्तर पर नहीं मिलने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। इस दौरान वे ऊपरी मंजिल के कमरे में फंदे पर लटके मिले। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है।

टायर फटने से पुल से नीचे खड्डे में गिरी कार

उदयपुर, 11 नवंबर। सलूंबर के सराड़ा थाना क्षेत्र में केजड़-चावंड मार्ग स्थित गरगल नदी पुल पर बुधवार को कार का टायर फटने से हादसा हो गया। अनियंत्रित कार पुल से नीचे खड्डे में जा गिरी। हादसे में कार सवार युवक और युवती गंभीर घायल हो गए। दोनों चावंड निवासी बताए गए हैं। ग्रामीणों ने मशक्कत कर घायलों को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों के अनुसार पुल के दोनों ओर सुरक्षा दीवार नहीं होने से यहां दुर्घटनाएं हो रही हैं। बीते एक महीने में आधा दर्जन से अधिक हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन और पीडब्ल्यूडी को शिकायत के बावजूद सुरक्षा दीवार नहीं बनाई गई।

बच्चा चोरी की आशंका में महिला को पकड़ा

उदयपुर, 11 नवंबर। प्रतापगढ़ शहर के वाटर वर्क्स रोड पर बुधवार को बच्चा चोरी की आशंका में लोगों ने एक महिला को पकड़ लिया। बताया गया कि महिला खेल रहे बच्चों के बीच पहुंची और मध्य प्रदेश के भिवगढ़ निवासी जाकिर हुसैन की बच्ची को अपने साथ ले जाने लगी। महिला की हरकत देखकर अन्य बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस महिला को पूछताछ के लिए थाने ले गई। थाना अधिकारी शंभू सिंह के अनुसार शुरुआती पूछताछ में महिला मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है। वह बिना बताए घर से निकल जाती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *