बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भाजपा मनाएगी जनजातीय गौरव सप्ताह
Share
11 से 18 नवंबर तक होंगे आयोजन, युवा संवाद, छात्रावास संपर्क अभियान, शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार
उदयपुर, 12 नवम्बर: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत जनजाति बहुल जिलों, विधानसभा क्षेत्रों और मंडलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। भाजपा जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने बताया कि पार्टी ने 239 जनजाति जिलों और 568 विधानसभा क्षेत्रों सहित 807 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को स्मारकों और प्रतिमाओं की सफाई के साथ दीपोत्सव तथा 15 नवंबर को जिला स्तर पर प्रतिमाओं और मंडल स्तर पर भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। 16 से 18 नवंबर तक विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद होंगे। छात्रावास संपर्क अभियान के तहत कार्यकर्ता जनजातीय विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
सप्ताह के दौरान स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा, प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और मेले भी आयोजित होंगे। डॉ. रावत ने कहा कि भाजपा सरकारों ने जनजातीय समाज के विकास के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने विपक्ष पर जनजातीय समाज को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप भी लगाया।







