विद्या संबल योजना : पहले चरण के 42 हजार शिक्षकों का मानदेय अटका, सरकार ने शुरू की दूसरे चरण की भर्ती
Share
उदयपुर संभाग के 1625 गेस्ट फैकल्टी शिक्षक भी भुगतान के इंतजार में, 21 सितंबर से दे रहे सेवाएं; दूसरे चरण के लिए 23 नवंबर से आवेदन
उदयपुर, 12 नवम्बर: सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शुरू की गई विद्या संबल योजना के पहले चरण में नियुक्त हजारों गेस्ट फैकल्टी शिक्षकों का मानदेय अब तक अटका हुआ है। प्रदेश में करीब 42,400 और उदयपुर संभाग में 1625 शिक्षक 21 सितंबर से नियमित कक्षाएं लेने के बावजूद भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। दूसरी ओर, शिक्षा विभाग योजना के दूसरे चरण की नियुक्तियों की तैयारी में जुटा है।
योजना के तहत चयनित शिक्षकों को प्रति घंटे 400 रुपए मानदेय दिया जाना है। अधिकतम मासिक मानदेय 30 हजार रुपए निर्धारित है। शिक्षकों का कहना है कि दूर-दराज के स्कूलों में सेवाएं देने, आने-जाने और रहने का खर्च भी उन्हें स्वयं उठाना पड़ रहा है। भुगतान नहीं होने से कई शिक्षक आर्थिक परेशानी झेल रहे हैं। उनका सवाल है कि जब 21 सितंबर से लगातार शिक्षण कार्य कराया जा रहा है, तो मानदेय की बजट व्यवस्था पहले क्यों नहीं की गई?
दूसरे चरण में केवल शहरी स्कूलों में नियुक्तियां
शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार दूसरे चरण में फिलहाल नगरीय निकाय क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में रिक्त व्याख्याता पदों पर नियुक्तियां होंगी। पंचायत चुनाव की आचार संहिता के चलते ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों को इस चरण से बाहर रखा गया है। कक्षा 11वीं और 12वीं के विभिन्न विषयों के रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। चयन शैक्षणिक योग्यता को 75 प्रतिशत और व्यावसायिक योग्यता (बीएड आदि) को 25 प्रतिशत वेटेज देकर तैयार मेरिट के आधार पर होगा। साक्षात्कार नहीं होगा। संबंधित विषय की योग्यता रखने वाले 65 वर्ष तक के सेवानिवृत्त शिक्षक भी आवेदन कर सकेंगे।
यह रहेगा आवेदन और चयन कार्यक्रम
- 21 नवंबर: रिक्त पदों का विज्ञापन जारी होगा।
- 23 से 25 नवंबर: दोपहर 12 बजे तक आवेदन जमा होंगे।
- 26 नवंबर: प्राप्त आवेदनों की सूची जारी होगी।
- 27 और 28 नवंबर: अस्थायी मेरिट सूची जारी कर आपत्तियां मांगी जाएंगी।
- 30 नवंबर: अंतिम मेरिट सूची और 1:3 अनुपात में अभ्यर्थियों की सूची जारी होगी।
- 4 दिसंबर: जिला स्तरीय समिति से अनुमोदन के बाद नियुक्ति आदेश जारी होंगे।
राजस्थान पंचायतीराज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष शेर सिंह चौहान ने कहा कि मानदेय भुगतान की प्रक्रिया चल रही है और जल्द भुगतान की उम्मीद है। वहीं, विभागीय अधिकारियों के अनुसार योजना के तहत कार्यरत शिक्षकों का पूरा विवरण और डेटा जुटाया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद बकाया मानदेय उनके खातों में स्थानांतरित किया जाएगा। नौती है।







