अरावली वाटिका में फिर टूटी रेलिंग, 15 फीट नीचे गिरने से बचे पर्यटक
Share
जून में भी सामने आई थी रेलिंग कमजोर होने की शिकायत, निगम अधिकारियों को बताने के बावजूद नहीं हुई मरम्मत
उदयपुर, 14 नवम्बर: फतहसागर के पास अरावली वाटिका पार्क में पर्यटकों की सुरक्षा से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। शनिवार को पुलिया की लोहे की रेलिंग अचानक उखड़कर नीचे झुक गई। उस समय रेलिंग के सहारे फोटो खिंचवा रहे पर्यटकों का संतुलन बिगड़ गया। वे करीब 15 फीट नीचे चट्टानों पर गिरने से बाल-बाल बच गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत संभालकर उन्हें बचाया।
बताया गया कि रेलिंग कई महीनों से कमजोर थी और अपने आधार से हिल रही थी। जून में भी इसी रेलिंग के कारण दो पर्यटक गिरते-गिरते बचे थे। उस समय नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी स्थिति से अवगत कराया गया था, लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। अब दोबारा घटना सामने आने के बाद पार्क में सुरक्षा इंतजामों और निगम की रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।







