चीरवा टनल की ढलान पर बेकाबू ट्रेलर ने 4 कारों को रौंदा
Share
ब्रेक फेल होने से एक के बाद एक चार वाहनों को मारी टक्कर, चार घायल; कारों के अगले हिस्से बुरी तरह पिचके, हाईवे पर लगा जाम
उदयपुर, 14 नवम्बर: उदयपुर-नाथद्वारा हाईवे पर चीरवा टनल के पास शनिवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रेलर बेकाबू होकर आगे चल रही चार कारों से टकरा गया। ढलान पर ट्रेलर के ब्रेक फेल होने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और एक के बाद एक चार कारों को चपेट में ले लिया। हादसे में चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कारों के अगले हिस्से बुरी तरह पिचक गए।
ढलान पर ब्रेक फेल होते ही बेकाबू हुआ ट्रेलर
सुखेर थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि ट्रेलर नाथद्वारा से उदयपुर की ओर आ रहा था। दोपहर करीब 2:50 बजे चीरवा टनल के पास ढलान पर पहुंचते ही उसके ब्रेक फेल हो गए। इसी दौरान आगे चल रही चार कारें उसकी चपेट में आ गईं। चारों कारों में सवार लोग भी नाथद्वारा से उदयपुर की ओर आ रहे थे। अचानक हुई टक्कर से कार सवारों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी फैल गई।
क्रेन से हटवाए क्षतिग्रस्त वाहन, खुलवाया जाम
हादसे के बाद हाईवे पर कारों और ट्रेलर के बीच सड़क पर खड़े होने से यातायात बाधित हो गया। कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर सुखेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को संभाला। इसके बाद क्रेन बुलवाकर चारों क्षतिग्रस्त कारों और ट्रेलर को सड़क से हटवाया गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद यातायात सुचारू करवाया।







