LOADING

Type to search

लोकतंत्र के लिए झील पार कर वोट डालने पहुंचे 250 ग्रामीण

Local

लोकतंत्र के लिए झील पार कर वोट डालने पहुंचे 250 ग्रामीण

Share

जयसमंद के तीन टापुओं से नावों में बैठकर आए मतदाता, 7 माह के बच्चे को गोद में लेकर मतदान करने पहुंची महिला
उदयपुर, 14 नवम्बर:
लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी का जज्बा ऐसा कि मतदान के लिए ग्रामीणों को झील तक पार करनी पड़ी। सलूंबर जिले की जयसमंद पंचायत समिति की गामड़ी ग्राम पंचायत में तीन टापुओं पर रहने वाले करीब 250 मतदाता नावों में सवार होकर मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का उपयोग किया। वहीं, परसाद गांव में एक महिला सात माह के बच्चे को गोद में लेकर वोट डालने पहुंची।


नाव से पार की जयसमंद झील
गामड़ी ग्राम पंचायत के मिंदोड़ा, बाबा मंगरा और भटवाड़ा टापुओं पर रहने वाले ग्रामीणों के लिए मतदान केंद्र तक पहुंचने का सीधा सड़क मार्ग नहीं है। ऐसे में मतदाताओं ने नाव के जरिए जयसमंद झील पार की और मतदान किया। उनकी इस भागीदारी ने मतदान के प्रति उत्साह की तस्वीर पेश की।
सराड़ा में फर्जी मतदान की शिकायत
सराड़ा पंचायत समिति के चावंड गांव के बूथ संख्या 26 पर फर्जी मतदान की शिकायत सामने आई। कालू पटेल ने आरोप लगाया कि उनकी जगह किसी अन्य व्यक्ति ने वोट डाल दिया, जबकि उन्होंने मतदान नहीं किया था। परसाद गांव के बूथ संख्या 41 पर सीता मीणा सात माह के बच्चे के साथ मतदान करने पहुंचीं।
सलूंबर में 68.20 प्रतिशत मतदान
जिले की तीन पंचायत समितियों सराड़ा, जयसमंद और झल्लारा के 45 पंचायत समिति वार्डों तथा जिला परिषद के 9 वार्डों में मतदान हुआ। शाम 6 बजे तक जिला परिषद के लिए 68.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पंचायत समितियों में झल्लारा में सर्वाधिक 71.85 प्रतिशत, सराड़ा में 68.07 प्रतिशत और जयसमंद में 65.04 प्रतिशत मतदान हुआ। जिले में कुल 242 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सुबह से ही कई केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी रहीं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *