आसपास के तीन कमरे क्षतिग्रस्त, आठ कमरे जर्जर
डूंगरपुर, 7 सितम्बर
शहर के लोहारवाडा स्थित महात्मा गांधी सरकारी स्कूल का बरामदा शनिवार देर रात अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में बरामदे के पास के तीन कमरे भी क्षतिग्रस्त हो गए। सौभाग्य से उस समय स्कूल में न तो बच्चे थे और न ही स्टाफ, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बरसात के दौर के चलते स्कूल भवन की स्थिति और खराब हो गई है। स्कूल के प्रिंसिपल राजेश चौबीसा ने बताया कि ढहे हुए बरामदे की छत और दीवारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। स्कूल के कुल आठ कमरे पहले से ही जर्जरहाल हैं, जिन्हें असुरक्षित मानकर बच्चों को वहां नहीं बैठाया जा रहा। बरामदे के दो पिलर पहले से क्षतिग्रस्त थे और हादसे की आशंका बनी हुई थी।
स्कूल में कक्षा पहली से 10वीं तक करीब 180 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन सुरक्षित केवल तीन कमरे ही बचे हैं। इससे बच्चों को बैठाकर पढ़ाना कठिन हो गया है। प्रिंसिपल ने बताया कि इस समस्या के बारे में शिक्षा विभाग और प्रशासन को पूर्व में भी अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने जल्द से जल्द वैकल्पिक कक्ष उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और किसी भी संभावित हादसे से बचाव हो सके।