उदयपुर, 22 अगस्त: राज्य सरकार द्वारा रॉयल्टी बढ़ाने के विरोध में पिछले 21 दिनों से चली आ रही हड़ताल शुक्रवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से जयपुर में हुई वार्ता के बाद समाप्त कर दी गई। उदयपुर मार्बल एसोसिएशन ने 1 अगस्त से हड़ताल और विरोध प्रदर्शन चलाया था।
वार्ता में उदयपुर मार्बल एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज कुमार गंगावत, संरक्षक विरमदेव सिंह कृष्णावत, केशरियाजी मार्बल एसोसिएशन से महेंद्र सिंह सिसोदिया, विजय सिंह राठौड़, राजसमन्द माइनिंग अध्यक्ष गौरव सिंह राठौड़, राजसमन्द मार्बल एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्य प्रकाश काबरा एवं अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।
मुख्यमंत्री से सार्थक वार्ता के बाद बढ़ाई गई मार्बल रॉयल्टी को 400 रुपए से घटाकर 360 रुपए करने पर सहमति बनी। इसके अतिरिक्त, जिन खंडों में रॉयल्टी वृद्धि हुई थी, उस पर विचार के लिए 45 दिनों के भीतर निर्णय लेने वाली एक कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया।
राजसमन्द विधायक दीप्ती माहेश्वरी और कुम्भलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ की उपस्थिति में हुई बैठक के बाद उदयपुर मार्बल एसोसिएशन ने हड़ताल समाप्त कर सहयोग का संदेश दिया।
नाथद्वारा विधायक ने जताई थी चिंता, सांसद ने की थी सीएम से बात
नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने मार्बल उद्योग पर बढ़ी रॉयल्टी दरों को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि सरकार इस पर पुनर्विचार करे, क्योंकि इससे उत्पादन घट रहा है और हज़ारों खदान मजदूरों की आजीविका खतरे में पड़ गई है। साथ ही, राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने दिल्ली में सीएम भजनलाल के साथ बैठक में मार्बल रॉयल्टी को लेकर मुद्दा उठाया था।