मुंबई और कोहिमा महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित शहर

Share

पटना, दिल्ली और जयपुर में हालात सबसे खराब: NARI रिपोर्ट 2025

नई दिल्ली। 28 अगस्त
देशभर के 31 शहरों में महिला सुरक्षा को लेकर किए गए सर्वे में चौंकाने वाले नतीजे सामने आए हैं। नेशनल एनुअल रिपोर्ट एंड इंडेक्स ऑन वुमेंस सेफ्टी (NARI) 2025 के मुताबिक, मुंबई और कोहिमा महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित शहर हैं, जबकि पटना, दिल्ली और जयपुर सबसे असुरक्षित शहरों की सूची में शामिल हुए हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि सुरक्षित शहरों जैसे कोहिमा, विशाखापट्टनम, भुवनेश्वर, आइजोल और गंगटोक में महिलाओं को ज्यादा समानता, नागरिक भागीदारी, बेहतर पुलिस व्यवस्था और अनुकूल इन्फ्रास्ट्रक्चर का लाभ मिलता है। वहीं, पटना, जयपुर, दिल्ली, कोलकाता, श्रीनगर और रांची में हालात इसके विपरीत हैं।
वर्किंग प्लेस पर 91% महिलाएं सुरक्षित
सर्वे में शामिल 12,770 महिलाओं में से 60% ने खुद को अपने शहर में सुरक्षित बताया, जबकि 40% ने असुरक्षित महसूस किया।
91% महिलाएं वर्किंग प्लेस पर सुरक्षित महसूस करती हैं।
86% एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में दिन के समय सुरक्षित महसूस करती हैं, लेकिन रात में स्थिति बदल जाती है।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट और भीड़भाड़ वाली जगहों पर सुरक्षा की भावना सबसे कम है।
उत्पीड़न की शिकायत दर्ज नहीं करतीं 3 में से 2 महिलाएं
रिपोर्ट बताती है कि सिर्फ 25% महिलाओं को सुरक्षा शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई का भरोसा है।
69% ने माना कि मौजूदा सुरक्षा उपाय कुछ हद तक पर्याप्त हैं।
7% महिलाओं ने 2024 में पब्लिक प्लेस पर उत्पीड़न का अनुभव किया।
24 साल से कम उम्र की युवतियों में यह आंकड़ा बढ़कर 14% हो गया।
उत्पीड़न की घटनाएं सबसे ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट (29%) और पड़ोस (38%) में सामने आईं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 3 में से 2 महिलाएं उत्पीड़न की शिकायत ही दर्ज नहीं करातीं, जिससे NCRB के पास वास्तविक अपराध का डेटा अधूरा रह जाता है। रिपोर्ट ने सुझाव दिया कि महिला सुरक्षा से जुड़े अपराध डेटा को NARI जैसे सर्वे से जोड़कर ही सही तस्वीर सामने लाई जा सकती है।