15 जुलाई से फिर शुरू होगी गणना
मंडफिया, 13 जुलाई: मेवाड़ के प्रसिद्ध आस्था केंद्र श्री सांवलिया सेठ मंदिर का मासिक भंडार सोमवार को राजभोग आरती के बाद खोला गया। भंडार खुलते ही श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला और पहले ही दिन की गणना में 10 करोड़ 11 लाख 83 हजार रुपए की नकद राशि प्राप्त हुई।
मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव ने बताया कि भंडार की गणना अभी कई चरणों में की जानी है, इसलिए प्राप्त दानराशि में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को अमावस्या होने के कारण गणना कार्य स्थगित रहेगा। अब दूसरे चरण की गणना 15 जुलाई से दोबारा शुरू की जाएगी।
मंदिर प्रशासन के अनुसार हर माह की तरह इस बार भी देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने सांवलिया सेठ के चरणों में उदारतापूर्वक दान अर्पित किया है। नकद राशि के अलावा सोना, चांदी और अन्य भेंट सामग्री भी बड़ी मात्रा में मिलने की उम्मीद है। मंदिर का मासिक भंडार हर बार श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और सांवलिया सेठ के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक बनकर सामने आता है।